दिल्लीवालों को अभी और सताएगी लू, सामान्य से ज्यादा रहेगा तापमान, रेड अलर्ट घोषित

मौसम विभाग ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया है। वहीं जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है।;

Update: 2025-06-12 06:09 GMT
मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री ज्यादा रह सकता है

दिल्ली में आज भले ही आंशिक रूप से बादल छाए रहने, हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज़ हवाओं की भविष्यवाणी की गई है, लेकिन भीषण गर्मी से लगता नहीं है कि दिल्लीवालों को अभी राहत मिल पाएगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री ज्यादा रह सकता है।

एक दिन पहले, दिल्ली में पारा चढ़कर 45.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जो इस महीने लगातार पांचवीं बार 40 डिग्री से ऊपर गया। इसी को देखते हुए फिलहाल दिल्ली में रेड अलर्ट जारी किया गया है।

वैसे दिल्ली ही नहीं, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के लिए भी 'रेड अलर्ट' जारी किया गया है। बुधवार को राजस्थान के गंगानगर में अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। 

मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम भारत में गर्मी से धीरे-धीरे राहत मिलने की संभावना जताई है, जहां आने वाले दिनों में बारिश और तापमान में गिरावट देखी जा सकती है। कर्नाटक और तटीय महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भारी बारिश को लेकर भी रेड अलर्ट लागू है।

मौसम विभाग का कहना है कि 14 जून से उत्तर-पश्चिम भारत में हीटवेव की स्थिति से धीरे-धीरे राहत मिलने की संभावना है। अगले 2-3 दिनों में उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा। बारिश के बाद तापमान में 2-4 डिग्री की गिरावट हो सकती है।

Tags:    

Similar News