Indigo Flight Chaos: कब सुधरेगी स्थिति? जानें अब तक की बड़ी बातें
DGCA ने इंडिगो CEO को शो-कॉज नोटिस जारी किया है, जिसमें बड़े पैमाने पर परिचालन विफलता के लिए योजना, निगरानी और संसाधन प्रबंधन में गंभीर चूक का आरोप लगाया गया है।
IndiGo flight disruptions: इंडिगो एयरलाइंस की उड़ानों में जारी अव्यवस्था छठे दिन भी जारी है। एयरलाइन का कहना है कि 10 दिसंबर तक उसके संचालन सामान्य हो सकते हैं। लगातार हो रही उड़ान रद्दीकरण, देरी और अन्य परिचालन समस्याओं के कारण देश के कई बड़े शहरों में यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा है। इसी बीच इंडिगो ने दावा किया है कि रविवार को वह 1,650 से अधिक उड़ानें संचालित करेगी और सभी रिफंड भी प्रोसेस किए जा रहे हैं। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार, अब तक 610 करोड़ रुपये के रिफंड जारी किए जा चुके हैं।
इंडिगो ने रविवार को 650 उड़ानें रद्द कीं। दिल्ली और मुंबई एयरपोर्ट पर ही 220 से अधिक उड़ानें रद्द की गईं। मुंबई में 112 और दिल्ली में 109 उड़ानें रद्द होने की पुष्टि हुई। शुक्रवार को 1,600 से अधिक उड़ानें रद्द करने के बाद शनिवार को स्थिति में थोड़ी सुधार हुआ और रद्द उड़ानें घटकर लगभग 800 रह गईं। त्रिपुरा के एमबीबी एयरपोर्ट पर भी इंडिगो ने 9 उड़ानें रद्द कीं।
इंडिगो CEO का बयान
इंडिगो के CEO पीटर एल्बर्स ने कहा कि रविवार को एयरलाइन लगभग 1,650 उड़ानें संचालित करेगी और ऑन-टाइम परफॉर्मेंस करीब 75% रहने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि कैंसिलेशन पहले ही चरण में कर दिए जा रहे हैं, ताकि यात्री एयरपोर्ट न पहुंचें। एयरलाइन के अनुसार, रविवार को उसकी 138 में से 137 डेस्टिनेशन पर उड़ानें संचालित हो रही हैं।
यात्रियों का गुस्सा फूटा
बड़े पैमाने पर कैंसिलेशन और देरी से गुस्साए यात्री कई एयरपोर्ट पर स्टाफ से उलझते दिखाई दिए। सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हुए, जिनमें यात्री एयरपोर्ट पर फंसे हुए दिखे। कुछ यात्रियों ने बताया कि वे दो-दो दिन तक अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सके।
सरकार ने लगाम कसी
सरकार ने इंडिगो और अन्य एयरलाइंस को मनमाने किराए वसूले जाने पर चेतावनी दी। घरेलू किराया 18,000 रुपये की सीमा में तय किया गया। नागरिक उड्डयन सचिव ने इंडिगो CEO को तलब कर 21 दिन की जगह केवल दो दिन में संचालन सामान्य करने का निर्देश दिया। साथ ही, 7 दिसंबर रात 8 बजे तक सभी रिफंड और बैगेज लौटाने का आदेश दिया गया है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोळ ने कहा कि केंद्र इस मुद्दे की गंभीरता से निगरानी कर रहा है और जांच रिपोर्ट आने के बाद कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने कहा कि यात्रियों को "मानसिक उत्पीड़न" झेलना पड़ा है।
वहीं, इंडिगो का कहना है कि वह रविवार रात तक 1,500 से अधिक उड़ानें संचालित करेगा और 138 में से 135 डेस्टिनेशन दोबारा कवर किए जा रहे हैं। कंपनी ने संकट से निपटने के लिए संकट प्रबंधन समूह (Crisis Management Group) भी बनाया है।
रेलवे की मदद
रेलवे ने फंसे यात्रियों की मदद के लिए 89 विशेष ट्रेनें चलाने का फैसला किया है, जिनकी 100 से अधिक ट्रिप होंगी। इन ट्रेनों की जानकारी एयरपोर्ट पर भी साझा की जा रही है।
DGCA की इंडिगो को नोटिस
DGCA ने इंडिगो CEO को शो-कॉज नोटिस जारी किया है, जिसमें बड़े पैमाने पर परिचालन विफलता के लिए योजना, निगरानी और संसाधन प्रबंधन में गंभीर चूक का आरोप लगाया गया है। CEO से 24 घंटे में जवाब मांगा गया है।