
राज्यसभा सीटों पर कांग्रेस के पत्ते खुले, सिंघवी फिर मैदान में
राज्यसभा की 37 सीटों के लिए नामांकन के अंतिम दिन कांग्रेस ने तेलंगाना, तमिलनाडु, हिमाचल, छत्तीसगढ़ और हरियाणा से अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए।
देश के 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के लिए नामांकन का आज, गुरुवार को आखिरी दिन है। इस बीच कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। पार्टी ने तेलंगाना, तमिलनाडु, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़ और हरियाणा की सीटों के लिए अपने पत्ते खोल दिए हैं।
कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी को एक बार फिर तेलंगाना से राज्यसभा भेजने का फैसला किया है। उनके साथ तेलंगाना से वेम नरेंद्र रेड्डी को भी उम्मीदवार बनाया गया है। सिंघवी को गांधी परिवार का करीबी माना जाता है, जबकि वेम नरेंद्र रेड्डी को तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी का भरोसेमंद बताया जाता है। पूर्व विधायक रेड्डी फिलहाल तेलंगाना कांग्रेस के उपाध्यक्ष भी हैं।
छत्तीसगढ़ से कांग्रेस ने आदिवासी समुदाय की नेता फूलो देवी को दोबारा राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है। वहीं हरियाणा से पार्टी ने दलित समाज से आने वाले करमवीर बौद्ध को टिकट दिया है। हिमाचल प्रदेश से अनुराग शर्मा को उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि तमिलनाडु से एम. क्रिस्टोफर तिलक को राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी ने अपना प्रत्याशी घोषित किया है।
हरियाणा से कांग्रेस ने करमवीर सिंह बौद्ध को उम्मीदवार बनाया है। दलित समुदाय से आने वाले बौद्ध लंबे समय से संगठन में सक्रिय हैं और पार्टी को मजबूत करने में उनकी अहम भूमिका रही है।
हिमाचल प्रदेश से पार्टी ने अनुराग शर्मा पर भरोसा जताया है। उन्हें कांग्रेस के उभरते युवा चेहरों में गिना जाता है और वे राज्य की राजनीति में लगातार सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।
वहीं, तमिलनाडु से क्रिस्टोफर तिलक को उम्मीदवार बनाया गया है। तिलक लंबे समय से पार्टी संगठन से जुड़े हुए हैं और दक्षिण भारत में कांग्रेस की मौजूदगी को मजबूत करने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण मानी जाती है।
10 राज्यों की 37 सीटों पर 16 मार्च को चुनाव
राज्यसभा की 37 सीटों के लिए 10 राज्यों में 16 मार्च को चुनाव होगा। इसी दिन शाम 5 बजे वोटों की गिनती भी की जाएगी। महाराष्ट्र, ओडिशा, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और तेलंगाना से चुने गए 37 सांसदों का कार्यकाल अप्रैल में खत्म हो रहा है। इसके चलते इन सीटों पर नए सदस्यों का चुनाव कराया जा रहा है।
नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 5 मार्च है, जबकि 6 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी। उम्मीदवार 9 मार्च तक अपना नामांकन वापस ले सकते हैं।

