इलाहाबाद हाईकोर्ट ने रद्द किया UPPSC प्रीलिम्स रिजल्ट, दोबारा बनेगी मेरिट
x

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने रद्द किया UPPSC प्रीलिम्स रिजल्ट, दोबारा बनेगी मेरिट

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने यूपी पीसीएस 2025 प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट रद्द कर दिया है। कोर्ट ने UPPSC को दोबारा मेरिट लिस्ट बनाने का निर्देश दिया है।


UPPSC: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की पीसीएस 2025 भर्ती प्रक्रिया को इलाहाबाद हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। हाईकोर्ट ने साल 2025 में हुई यूपी पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम को रद्द कर दिया है। अदालत ने आयोग को नए सिरे से मेरिट लिस्ट तैयार कर रिजल्ट दोबारा जारी करने का निर्देश दिया है। यह फैसला ऐसे समय में आया है जब इस भर्ती की मुख्य परीक्षा (मेंस) और इंटरव्यू प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी थी। कोर्ट के इस आदेश के बाद अब मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू नए सिरे से आयोजित किए जाएंगे।


आरक्षित वर्ग के मेधावी छात्रों की याचिका पर आया फैसला

यह पूरा विवाद आरक्षित वर्ग के मेधावी उम्मीदवारों को अनारक्षित (जनरल) श्रेणी में शामिल न किए जाने से जुड़ा है। हाईकोर्ट में दायर याचिकाओं में आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों ने दावा किया था कि उनके अंक जनरल कैटेगरी के आखिरी चयनित उम्मीदवार से अधिक थे। इसके बावजूद उन्हें ओपन कैटेगरी में जगह नहीं दी गई, जिसके कारण वे मुख्य परीक्षा में बैठने से वंचित रह गए। उम्मीदवारों ने अपनी दलील में 'मेरिटोरियस रिजर्व कैटेगरी' के नियमों का हवाला दिया था, जिसे अदालत ने सही माना।


सिंगल बेंच ने दिया रिजल्ट सुधारने का आदेश

इलाहाबाद हाईकोर्ट की सिंगल बेंच में जस्टिस मनीष कुमार निगम ने इस मामले की सुनवाई के बाद यह अहम आदेश जारी किया। बेंच ने याचिकाकर्ताओं के तर्कों को स्वीकार करते हुए प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम संशोधित कर दोबारा जारी करने को कहा है। अब लोक सेवा आयोग को उन सभी आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को मेरिट लिस्ट में शामिल करना होगा, जिन्होंने जनरल कैटेगरी की कटऑफ के बराबर या उससे अधिक अंक हासिल किए थे, लेकिन उन्हें बाहर रखा गया था।


मेंस और इंटरव्यू दे चुके अभ्यर्थियों पर सबसे बड़ा असर

हाईकोर्ट के इस फैसले का सीधा असर पूरी भर्ती प्रक्रिया और हजारों अभ्यर्थियों के भविष्य पर पड़ने वाला है। संशोधित परिणाम जारी होने के बाद मेरिट लिस्ट में बदलाव होगा और मुख्य परीक्षा के लिए नए उम्मीदवार जुड़ जाएंगे। इस फैसले से सबसे बड़ा झटका उन अभ्यर्थियों को लगा है जो पहले ही मेंस पास कर इंटरव्यू दे चुके थे और अंतिम परिणाम का इंतजार कर रहे थे। अब उन्हें एक बार फिर से मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू की प्रक्रिया से गुजरना होगा।


Read More
Next Story