यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में भीषण आग, 9 यात्रियों की मौत
x

यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में भीषण आग, 9 यात्रियों की मौत

हादसे में कई यात्री घायल हुए हैं। हादसे के बाद पुलिस ने ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार किया है, जबकि आग लगने की वजह की जांच जारी है।


ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक स्लीपर बस में भीषण आग लगने से कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हुए हैं। हादसा बुधवार देर रात जेवर थाना क्षेत्र में हुआ। हादसे के वक्त बस में सवार कई यात्री सो रहे थे।

रिपोर्ट्स के बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से साढ़े 9 बजे महोबा के लिए निकली थी। बस में करीब 35 से 40 यात्रियों के सवार होने की बात सामने आई है, हालांकि शुरुआती रिपोर्ट्स में इस संख्या को लेकर अंतर है।

अचानक लगी आग, बस में भर गया धुआं
आग लगने के बाद बस के अंदर तेजी से धुआं भर गया और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों ने खिड़कियों से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। एक यात्री के मुताबिक शोर सुनकर उसकी नींद खुली। बस के अंदर इतना धुआं था कि कुछ दिखाई नहीं दे रहा था और बाहर निकलने के लिए यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस और दमकल ने शुरू किया रेस्क्यू
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए। हादसे के बाद बस बुरी तरह जल गई।

आग लगने की वजह की जांचआग लगने की सही वजह अभी आधिकारिक जांच में स्पष्ट होनी बाकी है। शुरुआती जांच में बस के एयर कंडीशनिंग सिस्टम में शॉर्ट सर्किट या किसी दूसरी तकनीकी खराबी की आशंका जताई गई है। हालांकि जांच पूरी होने तक इसे हादसे की अंतिम वजह नहीं माना जा सकता।

ड्राइवर और कंडक्टर गिरफ्तार
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बस के ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार किया गया है। जेवर पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि बस में सुरक्षा के जरूरी इंतजाम मौजूद थे या नहीं।

CM योगी ने किया मुआवजे का ऐलान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताया है और अधिकारियों को घायलों के उचित इलाज तथा पीड़ित परिवारों की मदद के निर्देश दिए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक मृतकों के परिजनों के लिए 2-2 लाख रुपये और घायलों के लिए 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की गई है।

हादसे के बाद उठे सुरक्षा पर सवाल
इस हादसे के बाद स्लीपर बसों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं। चलती बस में आग कैसे लगी, यात्रियों को बाहर निकलने में इतनी मुश्किल क्यों हुई और बस में आपात स्थिति से निपटने के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं।

Read More
Next Story