
मदुरै दीपम विवाद: सुप्रीम कोर्ट का आदेश, कल दीपथून स्तंभ पर जलेगा दीप
सुप्रीम कोर्ट ने शनिवार को दीपथून स्तंभ पर दीप जलाने का आदेश दिया है। कोर्ट ने मंदिर ट्रस्ट को निलंबित कर सुरक्षा CRPF को सौंपी और मुख्य सचिव को 15 दिसंबर को तलब किया।
Deepam Row: सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार (27 नवंबर) को मदुरै के तिरुप्परनकुंड्रम स्थित दीपथून स्तंभ पर शनिवार (28 नवंबर) को कार्तिगई दीपम जलाने का निर्देश दिया है। अपने पिछले आदेश का पालन न करने पर शीर्ष अदालत ने तमिलनाडु सरकार को कड़ी फटकार लगाई। कोर्ट ने कहा कि यह प्रथम दृष्टया अदालत की अवमानना और राज्य द्वारा आदेश की जानबूझकर की गई अवहेलना का मामला है। अवमानना याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए पीठ ने गहरी पीड़ा जताई और कहा कि अब ऐसे हालात से सख्ती (आयरन हैंड्स) से निपटने का समय आ गया है, वरना संवैधानिक अराजकता फैल जाएगी। जस्टिस अरविंद कुमार ने कहा कि चाहे कोई भी हो, अदालत के आदेशों को कमजोर नहीं कर सकता।
तमिलनाडु पुलिस हटेगी, CRPF संभालेगी पहाड़ी की सुरक्षा
सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में बेहद कड़े प्रशासनिक कदम उठाए हैं। अदालत ने आदेश दिया है कि पहाड़ी क्षेत्र से तमिलनाडु पुलिस को हटाया जाए और वहां की सुरक्षा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) अपने हाथ में लेगी। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि हर श्रद्धालु को पहाड़ी की चोटी पर स्थित सिकंदर दरगाह से 50 मीटर दूर दीप जलाने की अनुमति है। इसके साथ ही शीर्ष अदालत ने मद्रास हाईकोर्ट द्वारा पहले दिए गए स्थगन आदेश (स्टे) को भी रद्द कर दिया है।
मंदिर का ट्रस्ट बोर्ड निलंबित, पूर्व जज बने रिसीवर
आदेश का पालन न करने पर सुप्रीम कोर्ट ने मदुरै के सुब्रमण्यस्वामी मंदिर के ट्रस्टी बोर्ड के सदस्यों को निलंबित कर दिया है। मंदिर के कामकाज की देखरेख के लिए पूर्व जस्टिस वैद्यनाथन और पूर्व जस्टिस पार्थिबन को रिसीवर नियुक्त किया गया है। कोर्ट ने कहा कि प्रशासन के अधिकारियों का रवैया कम से कम मदुरै जिले में प्रशासनिक अराजकता को दर्शाता है। अदालत ने माना कि मदुरै के जिला कलेक्टर, एचआर एंड सीई (HR&CE) विभाग के डिप्टी कमिश्नर (मंदिर के कार्यकारी अधिकारी), ट्रस्टी बोर्ड और अन्य संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अवमानना का मामला बनता है।
मुख्य सचिव 15 दिसंबर को तलब, कॉल रिकॉर्ड और मैसेज का मांगा ब्योरा
अदालत ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव, डीजीपी, एचआर एंड सीई आयुक्त, मदुरै कलेक्टर, मदुरै पुलिस कमिश्नर और देवस्थानम बोर्ड समेत कई अधिकारियों को नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने मुख्य सचिव को 15 दिसंबर को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का समन जारी किया है। उन्हें एक हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया गया है, जिसमें दीपम मुद्दे से जुड़ी सभी बैठकों, संदेशों और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) का पूरा विवरण हो। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने मदुरै कलेक्टर से भी कड़े सवाल पूछे और कहा कि जिला मजिस्ट्रेट होने के नाते आदेश का पालन कराना उनकी जिम्मेदारी थी। कलेक्टर की ओर से पेश वरिष्ठ वकील गोपाल शंकरनारायणन ने स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने के लिए समय मांगा।
क्या है पूरा विवाद?
सुप्रीम कोर्ट की पहले की अनुमति के बावजूद 24 नवंबर को तिरुप्परनकुंड्रम में वार्षिक कार्तिगई दीपम केवल पारंपरिक स्थान उचिपिल्लैयार मंडपम में ही जलाया गया था, न कि पहाड़ी के ऊपर स्थित दीपथून स्तंभ पर। इस चूक को लेकर बुधवार को तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से माफी मांगी थी और इसका ठीकरा अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर के अधिकारियों पर फोड़ा था। वहीं याचिकाकर्ताओं और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के वकील ने इसे गंभीर अवमानना बताते हुए ट्रस्टियों को हटाने की मांग की थी।
Next Story
