
IPL 2026 Schedule: कब आएगा IPL का पूरा शेड्यूल? BCCI ने दिया बड़ा अपडेट
IPL 2026 का 19वां सीजन 28 मार्च से शुरू होने वाला है। खास बात ये है कि IPL 2026 पूरे सीजन का शेड्यूल एक साथ जारी नहीं किया जाएगा। क्या है इसके पीछे की खास वजह?
IPL 2026 Schedule: आईपीएल के दीवानों के लिए इंतज़ार की घड़ियाँ लगभग खत्म होने वाली हैं। दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग, यानी IPL 2026 के 19वें सीजन का बिगुल बजने ही वाला है। लेकिन इस बार शेड्यूल को लेकर एक बड़ा ट्विस्ट सामने आया है। अगर आप भी इस बात से परेशान हैं कि आखिर पूरा शेड्यूल एक साथ क्यों नहीं आ रहा, तो BCCI ने इसका जवाब दे दिया है।
28 मार्च से सजेगा आईपीएल का बाजार
BCCI के सेक्रेटरी देवजीत साइकिया ने हाल ही में आईपीएल 2026 को लेकर एक महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। उन्होंने कन्फर्म किया है कि इस बार के सीजन की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है। फैंस बेसब्री से तारीखों का इंतज़ार कर रहे थे और अब साइकिया ने साफ कर दिया है कि अगले 2-3 दिनों के भीतर शेड्यूल का आधिकारिक ऐलान कर दिया जाएगा।
टुकड़ों में क्यों आएगा शेड्यूल?
BCCI ने फैसला लिया है कि फिलहाल केवल शुरुआती 20 दिनों के मैचों का शेड्यूल ही जारी किया जाएगा। इसके पीछे की सबसे बड़ी वजह क्रिकेट नहीं, बल्कि देश की राजनीति है। दरअसल, आईपीएल के दौरान ही पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु जैसे बड़े राज्यों में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। चुनाव की तारीखों का अभी तक चुनाव आयोग द्वारा औपचारिक ऐलान नहीं हुआ है। सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस बल की तैनाती को देखते हुए BCCI फूंक-फूंक कर कदम रख रहा है। जैसे ही चुनावों की तारीखें फाइनल हो जाएंगी, बोर्ड बाकी के मैचों का शेड्यूल भी जारी कर देगा।
धोनी और पंजाब के किंग्स मैदान पर
भले ही शेड्यूल में थोड़ा सस्पेंस हो, लेकिन टीमों का जोश सातवें आसमान पर है। सभी 10 टीमों ने अपनी जीत की तैयारी शुरू कर दी है। चेन्नई सुपर किंग्स महेंद्र सिंह धोनी की मेंटरशिप में CSK का कैंप चेन्नई में लग चुका है। वहीं दूसरी तरफ पंजाब किंग्स ने भी धर्मशाला की वादियों में अपना प्रैक्टिस कैंप जमा लिया है।
चैंपियन RCB के सामने बड़ी चुनौती
परंपरा के अनुसार, आईपीएल का पहला मैच पिछले सीजन की दो फाइनलिस्ट टीमों के बीच होता है। पिछले साल RCB (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) ने खिताब जीतकर करोड़ों फैंस का सपना पूरा किया था। इस बार डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर RCB के सामने अपना खिताब बचाने की कड़ी चुनौती होगी। 28 मार्च को होने वाले ओपनिंग मैच में बेंगलुरु का सामना किससे होगा, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं।

