
दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने ली करवट, तेज हवाओं संग बारिश
दिल्ली-एनसीआर में पश्चिमी विक्षोभ के असर से तेज हवाओं और बारिश का दौर शुरू हुआ। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है, जिससे तापमान में गिरावट और गर्मी से राहत मिलेगी।
राजधानी दिल्ली और एनसीआर सहित देश के कई हिस्सों में रविवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह से तेज हवाओं, बादलों की गरज-चमक और झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में लगभग 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर, येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में रविवार को पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल रहा है। इसके चलते 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कई जगह हल्की बारिश होने की संभावना है। विभाग ने इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
दिल्ली-एनसीआर के इन इलाकों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों में दिल्ली-एनसीआर के कई क्षेत्रों—लोनी देहात, हिंडन एयरफोर्स स्टेशन, गाजियाबाद, इंदिरापुरम, नोएडा, गुरुग्राम और मानेसर—में तेज हवाओं, बिजली और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
इसके अलावा हरियाणा के सोनीपत, बहादुरगढ़, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत और हिसार समेत कई जिलों में भी आंधी और बारिश का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, बिजनौर, मेरठ, बागपत और मोदीनगर सहित कई इलाकों में भी 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी धूलभरी आंधी और बूंदाबांदी हो सकती है।
सोमवार को कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.3 डिग्री ज्यादा था। वहीं न्यूनतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा है।मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार तक दिल्ली में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों के लिए गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राज्य में 18 मार्च तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
इसके अलावा झारखंड के कई जिलों में अगले चार दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं राजस्थान के अजमेर, जयपुर, भरतपुर, गंगानगर और हनुमानगढ़ में धूलभरी आंधी और हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।

