
पहली बार PM आवास के बाहर धरने पर बैठे राहुल-प्रियंका, 2.5 किमी पैदल मार्च
दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास से प्रधानमंत्री आवास तक मार्च निकाला गया। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य सांसद पीएम आवास के पास धरने पर बैठ गए और इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री आवास 7, लोक कल्याण मार्ग के बाहर कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन शुरू हो गया है। कांग्रेस नेता केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इस प्रदर्शन में पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद शामिल हैं, जो अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं।
माहौल उस समय गरमा गया, जब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पहली बार प्रधानमंत्री आवास 7, लोक कल्याण मार्ग के बाहर धरने पर बैठ गए। उनके साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।
धरने से पहले राहुल गांधी ने मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास से प्रधानमंत्री आवास तक करीब ढाई किलोमीटर पैदल मार्च किया। कांग्रेस ने छात्रों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जिम्मेदार ठहराया। प्रधानमंत्री आवास के पास धरने के दौरान नेताओं ने "प्रधानमंत्री इस्तीफा दो" के नारे लगाए। राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के लिए प्रधानमंत्री को देश से माफी मांगनी चाहिए और इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी अपना पद छोड़ना चाहिए।
वहीं, प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि विपक्ष को संसद में इस मुद्दे पर चर्चा नहीं करने दी जा रही है। उन्होंने कहा, "हम सदन में छात्रों के मुद्दे पर चर्चा करना चाहते हैं, लेकिन हमें बोलने का मौका नहीं दिया जाता। जिन युवाओं पर लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया, उनकी आवाज सुनी जानी चाहिए और शिक्षा मंत्री से इस्तीफा लिया जाना चाहिए।"
धरने से पहले राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल पहुंचकर प्रदर्शन के दौरान घायल छात्रों से भी मुलाकात की और उनका हालचाल जाना।

