
SIR के बाद फिर वोटर लिस्ट की जांच, चुनाव आयोग का बड़ा फैसला
चुनाव आयोग ने 27 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को SSR के दौरान मतदाता सूची में दर्ज जानकारियों का SIR के आंकड़ों से मिलान कर गड़बड़ियां दूर करने का निर्देश दिया है।
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद मतदाता सूचियों में गड़बड़ी की शिकायतों के बीच चुनाव आयोग ने बड़ा कदम उठाया है। आयोग ने 25 नवंबर को राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को पत्र भेजकर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) के दौरान मतदाता सूचियों की जांच करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत मतदाताओं के नाम, जन्मतिथि, रिश्ते से जुड़े विवरण, मोबाइल नंबर और फोटो का SIR के दौरान जुटाई गई जानकारी से मिलान किया जाएगा। दोनों में अंतर मिलने पर संबंधित मतदाता की जानकारी का सत्यापन कराया जाएगा। उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु समेत कई राज्य इस प्रक्रिया के दायरे में हैं।
मतदाताओं के घर जाएंगे ब्लो
चुनाव आयोग के निर्देश के मुताबिक, जिन मतदाताओं की जानकारी में अंतर मिलेगा, उनके घर बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) जाएंगे। सुधार के लिए मतदाता से हस्ताक्षरित फॉर्म-8 लिया जाएगा। संबंधित निर्वाचन अधिकारी जांच के बाद आवेदन पर फैसला करेंगे। आयोग ने स्पष्ट किया है कि केवल तकनीकी मिलान के आधार पर मतदाता की जानकारी में कोई बदलाव नहीं होगा। पूरी प्रक्रिया ECINet प्लेटफॉर्म के जरिए संचालित होगी।
क्यों उठाना पड़ा यह कदम?
SIR के बाद कई राज्यों में मतदाता सूचियों में गड़बड़ियों की शिकायतें सामने आई थीं। उत्तर प्रदेश में स्वतंत्र शोधकर्ताओं ने करीब 19 हजार डुप्लीकेट एंट्री मिलने का दावा किया था। वहीं, कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय ने स्वीकार किया था कि एक से अधिक आवेदन के चलते कई मतदाताओं के अलग-अलग वोटर आईडी नंबर बन गए थे।
कब जारी होगी अंतिम मतदाता सूची?
चुनाव आयोग ने 15 अक्टूबर को 17 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में SSR कराने के निर्देश दिए थे। मूल कार्यक्रम के मुताबिक, दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तारीख 11 दिसंबर है, जबकि अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होनी है। हालांकि, कुछ राज्यों के लिए अलग समय-सारणी निर्धारित की गई है।
