सप्लाई चेन को हथियार बना रही दुनिया, भारत-जापान ने जताई चिंता
x

सप्लाई चेन को हथियार बना रही दुनिया, भारत-जापान ने जताई चिंता

भारत और जापान ने वैश्विक सप्लाई चेन की सुरक्षा, संसाधनों के हथियारीकरण की चुनौती और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में रक्षा सहयोग मजबूत करने पर जोर दिया।


भारत और जापान ने वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच अपनी रणनीतिक और रक्षा साझेदारी को और मजबूत करने पर जोर दिया है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा है कि दुनिया में कनेक्टिविटी, प्राकृतिक संसाधनों, सेवाओं और सप्लाई चेन का इस्तेमाल हथियार की तरह करने की प्रवृत्ति बढ़ रही है। ऐसे में दोनों देशों के बीच भरोसेमंद सहयोग और राष्ट्रीय क्षमताओं को मजबूत करना जरूरी है।

टोक्यो में चौथी 2+2 वार्ता
19 नवंबर को जापान की राजधानी टोक्यो में भारत और जापान के बीच चौथी विदेश एवं रक्षा मंत्री स्तरीय 2+2 वार्ता हुई। इसमें भारत की ओर से विदेश मंत्री एस. जयशंकर और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल हुए। जापान का प्रतिनिधित्व विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी और रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी ने किया।

बैठक के बाद जयशंकर ने कहा कि दुनिया इस समय कई बड़े संकटों से गुजर रही है। रूस-यूक्रेन युद्ध और पश्चिम एशिया के संघर्ष का असर दूर-दराज के देशों तक पहुंच रहा है। आर्थिक अस्थिरता और कोरोना महामारी के बाद के प्रभावों ने ऊर्जा, व्यापार, खाद्य और स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियां बढ़ाई हैं।

सप्लाई चेन और समुद्री सुरक्षा पर जोर
जयशंकर ने कहा कि संसाधनों, सेवाओं, बाजार तक पहुंच और कनेक्टिविटी को हथियार की तरह इस्तेमाल करने की प्रवृत्ति राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए चिंता का विषय है। इसलिए सप्लाई चेन को मजबूत बनाने और निर्भरता के विकल्प तलाशने की जरूरत है। उन्होंने समुद्री व्यापार के महत्वपूर्ण रास्तों और रणनीतिक समुद्री अवरोधों की सुरक्षा पर भी जोर दिया।

रक्षा सहयोग को मिलेगी नई गति
बैठक में दोनों देशों ने समुद्री सुरक्षा, संयुक्त सैन्य अभ्यास और रक्षा तकनीक में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई। जापान की UNICORN संचार प्रणाली को भारत में लाने की प्रक्रिया तेज करने पर भी जोर दिया गया।

भारत और जापान विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक साझेदार हैं। दोनों देश हिंद-प्रशांत क्षेत्र को स्वतंत्र और खुला रखने के पक्षधर हैं। 2027 में दोनों देशों के राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होंगे।

Read More
Next Story