भारत में होगा 2036 का ओलंपिक? PM मोदी ने लाल किले से बताया बड़ा प्लान
x

भारत में होगा 2036 का ओलंपिक? PM मोदी ने लाल किले से बताया बड़ा प्लान

पीएम मोदी का बयान ऐसे समय आया है जब भारत 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए अपनी दावेदारी को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए मजबूत दावेदार है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले से देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत खेलों के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और आने वाले वर्षों में वैश्विक खेल आयोजनों में अपनी भूमिका बढ़ाना चाहता है।

पीएम मोदी का बयान ऐसे समय आया है जब भारत 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए अपनी दावेदारी को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। बता दें भारत ने 2036 ओलंपिक की मेजबानी में रुचि जाहिर कर चुका है। अहमदाबाद को संभावित मेजबान शहर के तौर पर सामने रखा गया है। हालांकि, अंतिम मेजबान का फैसला अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति यानी आईओसी करेगी।

प्रधानमंत्री के मुताबिक, भारत 2030 में राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी करेगा। उन्होंने कहा कि ओलंपिक में करीब 40 खेलों और 350 स्पर्धाओं में भारत की भागीदारी अभी सीमित है। सरकार का लक्ष्य 2036 तक कम से कम तीन-चौथाई ओलंपिक स्पर्धाओं में भारतीय खिलाड़ियों की मौजूदगी सुनिश्चित करना है।

इसके लिए सरकार ने देश में कम उम्र से ही खेल प्रतिभाओं की पहचान करने की योजना बनाई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि 5 से 15 साल की उम्र के बच्चों की प्रतिभा पहचानने के लिए देशव्यापी अभियान चलाया जाएगा। चुने गए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार किया जा सके।

प्रधानमंत्री ने खेलो इंडिया और टारगेट ओलंपिक पोडियम योजना जैसी पहलों का भी उल्लेख किया। इन योजनाओं के जरिए खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, प्रतियोगिता और जरूरी सहायता देने पर जोर दिया जा रहा है।

Read More
Next Story