मस्जिद में घिरा लश्कर कमांडर, वीडियो कॉल पर भी नहीं माना, आखिरकार हुआ ढेर
x

रेड सर्किल में लतीफ भट्ट

मस्जिद में घिरा लश्कर कमांडर, वीडियो कॉल पर भी नहीं माना, आखिरकार हुआ ढेर

कुलगाम में सुरक्षा बलों ने मस्जिद में घिरे लश्कर कमांडर लतीफ भट को सरेंडर के कई मौके देने के बाद मुठभेड़ में मार गिराया।


जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षा बलों ने लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर मोहम्मद लतीफ भट को मुठभेड़ में मार गिराया है। बुधवार सुबह दक्षिण कश्मीर के जांगलपोरा इलाके में सुरक्षा बलों ने उसे घेर लिया था। वह एक मस्जिद के भीतर छिपा हुआ था।

सुरक्षा बलों ने उसे आत्मसमर्पण करने के कई मौके दिए, लेकिन उसने हथियार डालने से इनकार कर दिया। बाद में मुठभेड़ में उसे मार गिराया गया।

वीडियो कॉल पर बातचीत में भी नहीं माना
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कुलगाम के एसएसपी अनायत अली चौधरी के मुताबिक, सुरक्षा बलों को लतीफ भट की मौजूदगी के बारे में पुख्ता खुफिया जानकारी मिली थी। इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षा बलों ने जांगलपोरा इलाके में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। लतीफ को मस्जिद के भीतर घिरा देखकर अधिकारियों ने उससे वीडियो कॉल पर बात की। उसे समझाया गया कि वह अभी जवान है और उसके सामने पूरी जिंदगी पड़ी है। लेकिन उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया। उसने कथित तौर पर कहा कि वह अल्लाह से मिलना चाहता है और अपने फैसले से खुश है।

सुरक्षा बलों ने मस्जिद को नुकसान से बचाने के लिए काफी संयम बरता। पुलिस के मुताबिक, लतीफ ने तड़के सुरक्षा बलों पर गोलीबारी भी की, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हुई।

CRPF हमले के बाद से थी तलाश
लतीफ भट 11 नवंबर को कुलगाम के अखरान इलाके में CRPF पोस्ट पर हुए हमले में वांछित था। इस हमले में तीन जवान घायल हुए थे। जांच में लतीफ और उसके सहयोगी उमर निसार डार पर हमले से पहले रेकी करने का आरोप लगा था।

सोमवार को लारू इलाके में हुई मुठभेड़ में उमर निसार डार मारा गया था, जबकि लतीफ भागने में कामयाब रहा। इसके बाद सुरक्षा बल उसकी तलाश कर रहे थे। बुधवार की कार्रवाई में उसे भी मार गिराया गया।

Read More
Next Story