
'धीरज धर्म मित्र अरु नारी' रामभक्तों के लिए चंपत राय ने की 'पाती' जारी
7 जून से चल रही अफवाहों और आरोपों पर पूर्व महासचिव ने तोड़ी चुप्पी; मन्दिर न्यास की बैठक में पेश SIT की 'परम गोपनीय' रिपोर्ट लीक होने पर जताया गहरा आश्चर्य।
Champat Rai's Letter: श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय ने सोशल मीडिया पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने मंदिर परिसर में रामायण कालीन सामग्री की चोरी के आरोपों पर पहली बार आधिकारिक संदेश जारी किया है। अपने 'X' हैंडल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि वे सही समय पर सभी बिन्दुओं का तथ्यात्मक जवाब देंगे।
धीरज धर्म मित्र अरु नारी,
— Champat Rai (@ChampatRaiVHP) July 7, 2026
आपद काल परिखिअहिं चारी। pic.twitter.com/PHtGs95ass
7 जून 2026 से चल रही हैं चर्चाएं
चंपत राय ने स्वीकार किया कि पिछले 7 जून 2026 से मंदिर में चोरी के संबंध में अफवाहें चल रही हैं। उन्होंने कहा कि इस दौरान व्यक्तिगत तौर पर उन पर कई अनर्गल आरोप लगाए गए। इसके बावजूद उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम पर अभी तक मौन धारण करना ही उचित समझा।
SIT की 'परम गोपनीय' रिपोर्ट लीक होने पर सवाल
इस मामले में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब चंपत राय ने मंदिर न्यास की बैठक का हवाला दिया। उन्होंने बताया कि मन्दिर न्यास की 12 मई को हुई सामान्य बैठक में SIT की प्रारम्भिक रिपोर्ट प्रस्तुत की गयी थी। उन्होंने आश्चर्य जताया कि जो रिपोर्ट 'परम गोपनीय' थी, वह अब सार्वजनिक हो चुकी है।
"अंतिम रिपोर्ट के बाद दूंगा समयानुसार उत्तर"
आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने देशवासियों को आश्वस्त किया कि वे इस मुद्दे पर पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने लिखा कि SIT की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद वे सभी फैलाये जा रहे बिन्दुओं पर अपना उत्तर देंगे। उनका दावा है कि इसके बाद सच पूरी तरह सामने आ जायेगा।
"35 वर्षों से खुली पुस्तक है मेरा जीवन"
अपने सेवाकाल का उल्लेख करते हुए चंपत राय ने कहा कि वे अक्टूबर 1991 से अयोध्या में सेवा में संलग्न हैं। उन्होंने आलोचकों को जवाब दिया कि पिछले 35 वर्षों का उनका प्रत्यक्ष जीवन एक खुली पुस्तक के समान है। उन्होंने अपने संदेश का समापन 'सभी को राम भूमि नमन' के साथ किया।
प्रशासनिक हलकों में बढ़ी सरगर्मी
चंपत राय के इस बयान के बाद अयोध्या से लेकर लखनऊ तक प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। सबसे बड़ा सवाल SIT की गोपनीय रिपोर्ट के लीक होने को लेकर खड़ा हो गया है। अब सभी की नजरें इस मामले में SIT की अंतिम रिपोर्ट पर टिकी हैं।
Next Story

