नेपाल बाढ़ में फंसे तमिलनाडु के तीर्थयात्री, 21 सुरक्षित, 36 लापता
x

नेपाल बाढ़ में फंसे तमिलनाडु के तीर्थयात्री, 21 सुरक्षित, 36 लापता

नेपाल में आई भीषण फ्लैश फ्लड के बीच कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए तमिलनाडु के 57 तीर्थयात्री फंस गए हैं।


Nepal Floods: नेपाल में आई भीषण फ्लैश फ्लड ने भारी तबाही मचा दी है। इस प्राकृतिक आपदा में कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए तमिलनाडु के 57 तीर्थयात्री भी फंस गए हैं। राहत की बात यह है कि इनमें से 21 यात्रियों के सुरक्षित होने की पुष्टि हुई है, लेकिन बाकी 36 यात्रियों और दो वाहन चालकों के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। यात्रियों की सुरक्षित वापसी के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक तमिलनाडु के अलग-अलग जिलों से 57 लोगों का यह समूह कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए नेपाल पहुंचा था। यात्रा का संचालन कुंभकोणम की एक ट्रैवल एजेंसी के जरिए किया जा रहा था। यात्रियों को काठमांडू से नेपाल-तिब्बत सीमा की तरफ तीन बसों से ले जाया जा रहा था। बुधवार सुबह करीब 9 बजे भोटेकोशी नदी के इलाके में अचानक फ्लैश फ्लड आ गई और पूरा क्षेत्र इसकी चपेट में आ गया।

21 यात्री सुरक्षित
ट्रैवल ऑपरेटर के मुताबिक, 21 यात्रियों वाली एक बस किसी तरह बाढ़ से बच निकली। इन यात्रियों ने तिमुरे इलाके में स्थित आर्म्ड पुलिस फोर्स की चौकी में शरण ली। वहां मौजूद यात्रियों ने एक ऑडियो संदेश के जरिए अपने सुरक्षित होने की जानकारी दी। यात्रियों ने बताया कि उन्हें भोजन और पानी मिल रहा है, लेकिन अंधेरा होने के साथ उनकी चिंता बढ़ रही थी और वे जल्द से जल्द सुरक्षित स्थान पर पहुंचना चाहते थे।

हालांकि, बाकी दो बसों में सवार यात्रियों को लेकर अब भी स्थिति साफ नहीं है। ट्रैवल ऑपरेटर के अनुसार, एक बस के खाई में गिरने की जानकारी भी सामने आई है, लेकिन इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन और सुरक्षा बल प्रभावित इलाके में फंसे लोगों की तलाश में जुटे हैं।

तमिलनाडु सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए केंद्र सरकार और नेपाल में भारतीय दूतावास के साथ संपर्क बढ़ाया है। मुख्यमंत्री विजय ने अधिकारियों को प्रभावित तमिलनाडु के लोगों की जानकारी जुटाने और उन्हें जल्द सुरक्षित निकालने के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। राज्य सरकार ने फंसे यात्रियों और उनके परिजनों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं।

बड़ी संख्या में भारतीय लापता
बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक नेपाल में लापता या फंसे हुए हैं। इनमें बड़ी संख्या कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए यात्रियों की है। भारतीय दूतावास नेपाल सरकार के साथ मिलकर राहत और बचाव अभियान में समन्वय कर रहा है।

नेपाल के रासुवा क्षेत्र में आई फ्लैश फ्लड ने सड़क, पुल और दूसरी बुनियादी सुविधाओं को भी भारी नुकसान पहुंचाया है। इसके चलते प्रभावित इलाकों तक पहुंचना और राहत-बचाव अभियान चलाना मुश्किल हो रहा है। ताजा रिपोर्टों के अनुसार, नेपाल में मृतकों की संख्या भी बढ़ रही है और सैकड़ों लोग अब भी लापता हैं।

Read More
Next Story