
केरल के पूर्व CM पिनाराई विजयन की मुश्किलें बढ़ीं! मनी लॉन्ड्रिंग केस में ED का समन
CMRL-एक्सालॉजिक के बीच करोड़ों रुपये के कथित संदिग्ध लेनदेन की जांच तेज, 23 अक्टूबर को पूछताछ के लिए बुलाए गए विजयन।
केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और CPI(M) के वरिष्ठ नेता पिनाराई विजयन की कानूनी मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रवर्तन निदेशालय यानी ED ने CMRL-एक्सालॉजिक मनी लॉन्ड्रिंग मामले में उन्हें समन जारी किया है। विजयन को 23 अक्टूबर को कोच्चि स्थित ED कार्यालय में पूछताछ के लिए पेश होने को कहा गया है। यह समन प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट यानी PMLA के तहत जारी किया गया है।
क्या है पूरा मामला?
मामला कोचीन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड यानी CMRL और विजयन की बेटी वीना की कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस के बीच वित्तीय लेनदेन से जुड़ा है। ED का आरोप है कि CMRL ने आईटी कंसल्टेंसी और दूसरी सेवाओं के नाम पर एक्सालॉजिक को करीब 2 करोड़ 78 लाख रुपये का भुगतान किया, जबकि कथित तौर पर ये सेवाएं दी ही नहीं गईं। जांच एजेंसी इस बात की पड़ताल कर रही है कि इन भुगतानों के पीछे कोई अवैध आर्थिक लेनदेन या भ्रष्टाचार तो नहीं था।
हाई कोर्ट से भी झटका
इससे पहले 9 अक्टूबर को केरल हाई कोर्ट ने राज्य के सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो यानी VACB को मामले में FIR दर्ज करने का निर्देश दिया था। इसके बाद 12 अक्टूबर को विजयन, उनकी बेटी वीना और दामाद मोहम्मद रियास के खिलाफ दो अलग-अलग FIR दर्ज की गईं। 15 अक्टूबर को हाई कोर्ट ने इस आदेश को चुनौती देने वाली अपीलें भी खारिज कर दीं।
सुप्रीम कोर्ट से तत्काल राहत नहीं
शुक्रवार, 16 अक्टूबर को विजयन ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया। हालांकि, अदालत ने तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया। कोर्ट ने कहा कि मामले पर दशहरे की छुट्टियों के दौरान या 26 अक्टूबर के बाद विचार किया जा सकता है।
CPI(M) लगातार आरोपों को खारिज करते हुए केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बताती रही है। फिलहाल विजयन के खिलाफ ED और राज्य की विजिलेंस एजेंसी, दोनों की जांच चल रही है। हालांकि, आरोप अभी अदालत में साबित नहीं हुए हैं।
