प्रियंका गांधी के बेटे की प्रदर्शनी से हटाईं 70 तस्वीरें, क्या है पूरा विवाद?
x

प्रियंका गांधी के बेटे की प्रदर्शनी से हटाईं 70 तस्वीरें, क्या है पूरा विवाद?

प्रियंका गांधी वाड्रा ने तस्वीरें हटाए जाने की आलोचना करते हुए कहा कि यह युवाओं की आवाज दबाने जैसा है।


कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के बेटे और कलाकार रेहान वाड्रा ने दिल्ली के बीकानेर हाउस में अपनी फोटो प्रदर्शनी से 70 से ज्यादा तस्वीरें हटाए जाने पर राजनीतिक सेंसरशिप का आरोप लगाया है। उनके मुताबिक, ये तस्वीरें पिछले छह महीनों में देश में हुए युवा आंदोलनों और विरोध प्रदर्शनों को दिखाती थीं।

प्रदर्शनी रद्द करने की दी गई चेतावनी
रेहान की प्रदर्शनी का नाम ‘नो आइडिया इज फाइनल’ है। उन्होंने बताया कि बीकानेर हाउस के प्रबंधन ने तस्वीरों की राजनीतिक प्रकृति पर आपत्ति जताई थी। उनके मुताबिक, 21 अक्टूबर को दोपहर करीब 3:30 बजे कहा गया कि अगर शाम 5 बजे तक तस्वीरें नहीं हटाई गईं, तो प्रदर्शनी रद्द कर दी जाएगी।

रेहान का कहना है कि उन्होंने प्रदर्शनी का प्रस्ताव और तस्वीरों का लेआउट पहले ही प्रबंधन के साथ साझा कर दिया था। इसके बावजूद उद्घाटन से कुछ घंटे पहले तस्वीरें हटाने को कहा गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि भारतीय तिरंगे की तस्वीर को भी हटाया गया।

‘तस्वीरें सिर्फ विरोध प्रदर्शनों का दस्तावेज थीं’
रेयान ने कहा कि तस्वीरों में किसी के खिलाफ टिप्पणी या अपमानजनक सामग्री नहीं थी। उनका मकसद देश में हो रही घटनाओं को एक कलाकार के नजरिये से दर्ज करना था। उन्होंने इस कार्रवाई को कलाकारों की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर रोक लगाने की कोशिश बताया।

प्रदर्शनी में वन्यजीवों की तस्वीरें, अमूर्त कला और युवा आंदोलनों से जुड़ी स्ट्रीट फोटोग्राफी शामिल थीं। शुरुआत में इसमें 100 से ज्यादा तस्वीरें रखी जानी थीं, लेकिन 70 से अधिक तस्वीरें हटा दी गईं। इसके बाद करीब 40 तस्वीरें ही प्रदर्शनी में बचीं।

प्रियंका गांधी ने क्या कहा?
प्रियंका गांधी वाड्रा ने तस्वीरें हटाए जाने की आलोचना करते हुए कहा कि यह युवाओं की आवाज दबाने जैसा है। उन्होंने कहा कि आज उनके बेटे के साथ ऐसा हुआ है, कल किसी दूसरे कलाकार के साथ भी हो सकता है। उन्होंने तस्वीरों को विरोध प्रदर्शनों का दृश्य दस्तावेज बताया, न कि किसी के खिलाफ टिप्पणी।

वहीं, बीकानेर हाउस के एक अधिकारी ने कहा कि प्रशासन इस मामले पर टिप्पणी करने के लिए अधिकृत नहीं है। प्रदर्शनी तय कार्यक्रम के मुताबिक जारी है और रविवार तक चलेगी।

Read More
Next Story