
सोनिया की किताब में सावरकर पर टिप्पणी, भड़की शिवसेना ने फाड़े पन्ने
सोनिया गांधी की किताब में सावरकर पर टिप्पणियों से भड़की शिंदे शिवसेना, मुंबई में प्रदर्शन कर किताब पर प्रतिबंध और विवादित अंश हटाने की मांग की।
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब Belonging: A Journey of Love को लेकर महाराष्ट्र में विवाद खड़ा हो गया है। एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने मुंबई में किताब के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी नेताओं ने किताब की प्रतियां फाड़ीं और प्रकाशक से विवादित अंश हटाने की मांग की।
प्रदर्शन में शिवसेना नेता शाइना एनसी, संजय निरुपम और आनंद दुबे शामिल हुए। पार्टी का आरोप है कि किताब में वीर सावरकर को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं। खासतौर पर पेज नंबर 201 और 443 पर लिखी गई बातों पर शिवसेना ने आपत्ति जताई है।
प्रकाशक से पन्ने हटाने की मांग
शिवसेना नेताओं का कहना है कि किताब में सावरकर को हिंदुत्व की बहिष्कारवादी विचारधारा से जोड़कर पेश किया गया है। साथ ही उनकी दया याचिकाओं का भी जिक्र किया गया है। पार्टी ने इसे सावरकर के योगदान और बलिदान को कमतर दिखाने की कोशिश बताया।
शाइना एनसी ने कहा कि सावरकर ने देश के लिए लंबा समय जेल में बिताया और उनका योगदान भुलाया नहीं जा सकता। शिवसेना ने किताब के प्रकाशक हार्पर कॉलिन्स से विवादित पन्ने हटाने और महाराष्ट्र में किताब पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।
उद्धव ठाकरे पर भी निशाना
इस विवाद में शिवसेना ने उद्धव ठाकरे को भी घेरा। संजय निरुपम ने सवाल उठाया कि जब किताब में सावरकर को लेकर आपत्तिजनक बातें लिखी गई हैं, तो उद्धव ठाकरे ने इसकी प्रति क्यों स्वीकार की? उन्होंने पूछा कि क्या उद्धव ठाकरे इस मुद्दे पर सोनिया गांधी के खिलाफ बोलेंगे?
गौरतलब है कि सोनिया गांधी की यह किताब उनके निजी जीवन, राजीव गांधी से विवाह और राजनीतिक सफर पर आधारित है। सावरकर को लेकर महाराष्ट्र में पहले भी राजनीतिक टकराव देखने को मिलते रहे हैं। अब सोनिया गांधी की किताब इस विवाद की नई वजह बन गई है।
