
टाटा ग्रुप में बड़ी जंग! चंद्रशेखरन की तीसरी पारी को कोर्ट में चुनौती
टाटा ट्रस्ट्स ने टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन के तीसरे कार्यकाल को बॉम्बे हाईकोर्ट में चुनौती दी है।
टाटा ग्रुप के भीतर नेतृत्व और नियंत्रण को लेकर चल रहा विवाद अब अदालत पहुंच गया है। सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और आरडी टाटा ट्रस्ट ने बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। इसमें टाटा संस के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन के तीसरे पांच साल के कार्यकाल पर सवाल उठाए गए हैं।
दोनों ट्रस्टों का आरोप है कि 17 सितंबर को चंद्रशेखरन को दोबारा चेयरमैन बनाने का फैसला कंपनी के नियमों के मुताबिक नहीं हुआ। ट्रस्टों ने इस फैसले को अमान्य घोषित करने की मांग की है।
वोटिंग के नियम पर विवाद
विवाद टाटा संस के आर्टिकल 121 को लेकर है। इसके मुताबिक, बोर्ड के कुछ फैसलों के लिए टाटा ट्रस्ट्स की ओर से नियुक्त निदेशकों का समर्थन जरूरी है। 17 सितंबर की बोर्ड बैठक में ट्रस्ट्स के दो प्रतिनिधियों में मतभेद हो गया था। नोएल टाटा ने चंद्रशेखरन के तीसरे कार्यकाल का विरोध किया। जबकि दूसरे प्रतिनिधि वेंु श्रीनिवासन ने इसका समर्थन किया।
इसके बाद बैठक की अध्यक्षता कर रहे स्वतंत्र निदेशक हरीश मनवानी ने अपने निर्णायक वोट से चंद्रशेखरन के पक्ष में फैसला करा दिया।ट्रस्ट्स का कहना है कि चेयरमैन का निर्णायक वोट उनके प्रतिनिधियों के समर्थन की अनिवार्य शर्त की जगह नहीं ले सकता। हालांकि, टाटा संस इस फैसले को वैध मानता है।
65 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग
दोनों ट्रस्टों ने कुल 65 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग भी की है। इसमें सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट ने 50 करोड़ और आरडी टाटा ट्रस्ट ने 15 करोड़ रुपये मांगे हैं। इसके अलावा सालाना 18 फीसदी ब्याज की मांग की गई है।
ट्रस्टों ने अदालत से यह भी आग्रह किया है कि 30 नवंबर की अगली बोर्ड बैठक में चेयरमैन को निर्णायक वोट का इस्तेमाल करने से रोका जाए, अगर दोनों ट्रस्ट प्रतिनिधियों के बीच फिर मतभेद होता है।
टाटा ग्रुप के भविष्य पर असर
इस विवाद की अहमियत इसलिए भी है क्योंकि टाटा ट्रस्ट्स के पास टाटा संस की करीब 66 फीसदी हिस्सेदारी है। टाटा संस पूरे टाटा ग्रुप की होल्डिंग कंपनी है। इसके तहत टाटा मोटर्स, टीसीएस, एयर इंडिया और कई दूसरे बड़े कारोबार आते हैं।
विवाद सिर्फ चंद्रशेखरन की नियुक्ति तक सीमित नहीं है। टाटा संस को शेयर बाजार में लिस्ट कराने का मुद्दा भी दोनों पक्षों के बीच मतभेद की वजह है। 30 नवंबर की बोर्ड बैठक में इस पर भी चर्चा होनी है। अब बॉम्बे हाईकोर्ट में इस मामले की सुनवाई और फैसला टाटा संस के नेतृत्व के साथ-साथ कंपनी के भविष्य की दिशा तय करने में अहम हो सकता है।
