तीन महाशक्तियां, एक बैठक! ट्रंप, पुतिन और जिनपिंग के एजेंडे में क्या?
x

तीन महाशक्तियां, एक बैठक! ट्रंप, पुतिन और जिनपिंग के एजेंडे में क्या?

19 नवंबर को शेनझेन में ट्रंप, जिनपिंग और पुतिन की पहली औपचारिक त्रिपक्षीय बैठक होगी, जिसमें परमाणु हथियारों, ईरान और वैश्विक राजनीति से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की संभावना है।


अंतरराष्ट्रीय राजनीति में एक बड़ी कूटनीतिक हलचल होने जा रही है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 19 नवंबर को चीन के शेनझेन में मुलाकात करेंगे। चीन के विदेश मंत्रालय ने सोमवार को इसकी पुष्टि की। यह तीनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों की पहली औपचारिक त्रिपक्षीय बैठक होगी। दुनिया की तीन बड़ी परमाणु शक्तियों के नेताओं की इस मुलाकात पर वैश्विक राजनीति की नजरें टिकी हैं।

APEC सम्मेलन के दौरान होगी बैठक
यह बैठक एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग यानी APEC के 33वें शिखर सम्मेलन से इतर होगी। चीन 18 और 19 नवंबर को इसकी मेजबानी कर रहा है। इसमें संगठन की 21 सदस्य अर्थव्यवस्थाओं के नेता शामिल होंगे। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग इस बैठक की मेजबानी करेंगे।

परमाणु हथियारों पर नियंत्रण सबसे अहम मुद्दा
बैठक के प्रमुख मुद्दों में परमाणु हथियारों पर नियंत्रण और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस शामिल हो सकते हैं। दरअसल, अमेरिका और रूस के बीच परमाणु हथियारों की सीमा तय करने वाली आखिरी बड़ी संधि न्यू START फरवरी 2026 में समाप्त हो गई। इस संधि के तहत दोनों देशों के रणनीतिक परमाणु हथियारों पर कानूनी सीमाएं लागू थीं।

ट्रंप चाहते हैं कि परमाणु हथियारों में कटौती के लिए चीन को भी किसी नए समझौते में शामिल किया जाए। हालांकि, चीन ने अपने परमाणु हथियारों का जखीरा अमेरिका और रूस की तुलना में काफी छोटा होने का हवाला देकर ऐसी बातचीत में शामिल होने को लेकर अनिच्छा जताई है।

ईरान पर चर्चा, यूक्रेन युद्ध एजेंडे से बाहर
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, ट्रंप बैठक में ईरान युद्ध का मुद्दा भी उठाएंगे। चीन ईरान का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार और उसके कच्चे तेल का प्रमुख खरीदार है।

वहीं, यूक्रेन युद्ध इस त्रिपक्षीय बैठक के एजेंडे में शामिल नहीं होगा। अमेरिका इस मुद्दे पर रूस के साथ अलग से बातचीत कर रहा है।

वैश्विक राजनीति के लिए क्यों अहम?
तीनों देशों के बीच व्यापार, सुरक्षा और वैश्विक प्रभाव को लेकर प्रतिस्पर्धा जारी है। ऐसे में यह बैठक आपसी रिश्तों और अंतरराष्ट्रीय कूटनीति की दिशा के लिहाज से अहम है। हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों ने पहले ही स्पष्ट किया है कि इस बैठक से किसी बड़े समझौते की घोषणा की उम्मीद नहीं है।

Read More
Next Story