
भारत को ट्रंप का नया झटका! 25% टैरिफ की तैयारी
अमेरिका ने भारत पर 25% तक अतिरिक्त टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया है, जबकि भारत ने अतिरिक्त औद्योगिक उत्पादन क्षमता के अमेरिकी आरोपों को खारिज किया है।
अमेरिका ने भारत पर नए टैरिफ का दबाव बढ़ा दिया है। डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने भारतीय सामानों पर 25 फीसदी तक अतिरिक्त टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया है। इसके पीछे भारत में औद्योगिक उत्पादन की कथित अतिरिक्त क्षमता को वजह बताया गया है। हालांकि, भारत ने अमेरिकी आरोपों को खारिज कर दिया है। भारत का कहना है कि देश के किसी भी क्षेत्र में संरचनात्मक रूप से अतिरिक्त उत्पादन क्षमता नहीं है।
14 अर्थव्यवस्थाओं पर अमेरिकी कार्रवाई
अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय यानी USTR ने 25 नवंबर को यह प्रस्ताव पेश किया। यह ट्रेड एक्ट 1974 की धारा 301 के तहत की गई जांच का हिस्सा है।
इस जांच में भारत समेत 14 अर्थव्यवस्थाओं को शामिल किया गया है। इनमें चीन, यूरोपीय संघ, जापान, दक्षिण कोरिया, ताइवान, बांग्लादेश, वियतनाम, थाईलैंड, मलेशिया, इंडोनेशिया, कंबोडिया, सिंगापुर और स्विट्जरलैंड शामिल हैं।
अमेरिका का आरोप है कि इन अर्थव्यवस्थाओं की औद्योगिक नीतियां जरूरत से ज्यादा उत्पादन को बढ़ावा देती हैं। इसके लिए सरकारी सब्सिडी, उत्पादन प्रोत्साहन और दूसरी नीतियों का इस्तेमाल किया जाता है। अमेरिका के मुताबिक, इससे उसके घरेलू उद्योगों और कारोबार को नुकसान पहुंचता है।
ट्रेड डील से 17% रह सकता है टैरिफ
USTR ने भारत के लिए अधिकतम 25 फीसदी टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया है। हालांकि, इसमें कुछ उत्पादों को छूट देने की बात भी है। प्रस्ताव के मुताबिक, मौजूदा टैरिफ को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त शुल्क में बदलाव किया जा सकता है। इसके अलावा, अगर भारत अमेरिका के साथ ऐसा पारस्परिक व्यापार समझौता करता है, जो जांच में उठाए गए मुद्दों का समाधान करे, तो टैरिफ की दर 17 फीसदी रखने पर विचार किया जा सकता है।
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर ने भी स्पष्ट किया है कि प्रस्तावित शुल्क मौजूदा शुल्क के ऊपर पूरी तरह नहीं जुड़ेंगे। इसे मौजूदा टैरिफ व्यवस्था के हिसाब से समायोजित किया जाएगा।
भारत ने आरोपों को किया खारिज
भारत के वाणिज्य मंत्रालय ने कहा है कि सरकार अमेरिकी नोटिस की जांच कर रही है। मंत्रालय के मुताबिक, भारत ने पूरी जांच प्रक्रिया में रचनात्मक तरीके से हिस्सा लिया है। भारत ने USTR को स्पष्ट किया था कि देश के किसी भी क्षेत्र में संरचनात्मक अतिरिक्त उत्पादन क्षमता नहीं है। अमेरिकी जांच में भारत के दवा उद्योग, मेडिकल उपकरण, स्टील, सोलर और सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों का जिक्र किया गया है। अमेरिका का दावा है कि इन क्षेत्रों में भारत की नीतियां उसके कारोबार को प्रभावित करती हैं।
भारत ने कहा है कि व्यापार से जुड़े मुद्दों को बातचीत के जरिए सुलझाया जाना चाहिए। सरकार भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते को जल्द पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
जनवरी में होगी सार्वजनिक सुनवाई
अब इस प्रस्ताव पर आगे की प्रक्रिया शुरू होगी। USTR ने लिखित टिप्पणियां जमा करने की अंतिम तारीख 5 जनवरी 2027 तय की है। वहीं, 25 जनवरी से सार्वजनिक सुनवाई होगी। दरअसल, अमेरिका ने 11 मार्च 2026 को 16 अर्थव्यवस्थाओं के खिलाफ यह जांच शुरू की थी। इनमें से 14 के खिलाफ अब कार्रवाई का प्रस्ताव दिया गया है। मेक्सिको और नॉर्वे पर फिलहाल कोई अंतिम निर्धारण नहीं किया गया है।
इस घटनाक्रम से भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता पर दबाव बढ़ सकता है। भारत के सामने अब अपने निर्यात हितों की रक्षा करने और अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को आगे बढ़ाने की चुनौती है।
