ट्रंप मैजिक खत्म ! मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन ने गंवाया कांग्रेस का नियंत्रण
x

ट्रंप मैजिक खत्म ! मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन ने गंवाया कांग्रेस का नियंत्रण

मिडटर्म के नतीजों ने अमेरिकी संसद में सत्ता का समीकरण बदल दिया है और ट्रंप प्रशासन के सामने नई राजनीतिक चुनौतियां खड़ी कर दी हैं।


अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा झटका लगा है। शुरुआती नतीजों में डेमोक्रेट्स ने सीनेट का नियंत्रण हासिल कर लिया है। वहीं, हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में भी रिपब्लिकन बहुमत खतरे में है। इस बीच ट्रंप ने चुनावी हार की जिम्मेदारी लेने के बजाय खुद को इससे अलग कर लिया है।

सीनेट में डेमोक्रेट्स की वापसी
100 सीटों वाली सीनेट में रिपब्लिकन के पास पहले 53 सीटें थीं। डेमोक्रेट्स ने टेक्सास, साउथ कैरोलिना, नॉर्थ कैरोलिना और ओहायो में रिपब्लिकन की चार सीटें छीन लीं। इसके साथ ही सीनेट में डेमोक्रेट्स ने बहुमत हासिल कर लिया है। टेक्सास में जेम्स टालारिको की जीत खास रही, जहां करीब चार दशक बाद डेमोक्रेट्स ने सीनेट सीट जीती है।

हाउस में भी रिपब्लिकन को झटका
प्रतिनिधि सभा की 435 सीटों में बहुमत के लिए 218 सीटें चाहिए। एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक, डेमोक्रेट्स ने रिपब्लिकन की सात सीटें अपने कब्जे में ली हैं। हालांकि, हाउस का अंतिम नियंत्रण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। अगर यहां भी डेमोक्रेट्स बहुमत हासिल करते हैं तो ट्रंप के लिए कांग्रेस में अपने एजेंडे को आगे बढ़ाना मुश्किल होगा

ट्रंप ने हार से झाड़ा पल्ला
चुनावी नतीजों के बीच ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "मैं चुनाव मैदान में नहीं था। अगर मैं चुनाव लड़ रहा होता, तो हम भारी अंतर से जीतते।" उनका यह बयान इसलिए भी अहम है क्योंकि उन्होंने चुनाव प्रचार में रिपब्लिकन उम्मीदवारों का खुलकर समर्थन किया था। अब हार के बाद उनका यह कहना कि वह उम्मीदवार नहीं थे, पार्टी के भीतर जवाबदेही को लेकर सवाल खड़े कर सकता है।

हार के पीछे क्या रहे मुद्दे?
चुनाव में महंगाई, बढ़ती कीमतें, जीवनयापन का खर्च और ईरान युद्ध का असर प्रमुख मुद्दे रहे। AP के मुताबिक, मतदाताओं में आर्थिक स्थिति और देश की दिशा को लेकर असंतोष दिखाई दिया।

सीनेट में बहुमत गंवाने के बाद ट्रंप को अब डेमोक्रेट्स की चुनौती का सामना करना होगा। अगर हाउस भी उनके हाथ से निकलता है तो प्रशासन के फैसलों की जांच और निगरानी बढ़ सकती है। राष्ट्रपति पद पर ट्रंप बने रहेंगे, लेकिन उनके कार्यकाल के अगले दो साल का राजनीतिक समीकरण बदल जाएगा।

Read More
Next Story