सीरिया में फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों के होटल के पास दो बम धमाके
x

सीरिया में फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों के होटल के पास दो बम धमाके

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की सीरिया यात्रा के बीच दमिश्क में दो बड़े बम धमाके। 18 लोग घायल, मची अफरातफरी।


Bomb Blast in Syria outside Macron Hotel: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की ऐतिहासिक सीरिया यात्रा के दौरान राजधानी दमिश्क भीषण बम धमाकों से दहल उठी है। ये धमाके ठीक उस आलीशान होटल के नजदीक हुए हैं, जहां फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों ठहरे हुए हैं। मंगलवार को सीरियाई नेतृत्व के साथ उनकी कई महत्वपूर्ण बैठकें प्रस्तावित हैं, लेकिन इस बीच अचानक दो धमाके होने से पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। सीरियाई मीडिया ने इन धमाकों की पुष्टि करते हुए बताया कि पहला धमाका उस वक्त हुआ जब मैक्रों का काफिला राष्ट्रपति भवन के लिए गुजरा था। इसके कुछ ही देर बाद महज कुछ मीटर की दूरी पर दूसरा जोरदार धमाका हुआ। हालांकि, फ्रांसीसी राष्ट्रपति के कार्यालय (एलिसी पैलेस) का कहना है कि उन्होंने खुद ऐसे किसी धमाके की आवाज नहीं सुनी। सीरिया में साल 2024 में अहमद अल शारा के सत्ता संभालने के बाद मैक्रों वहां का दौरा करने वाले पहले यूरोपीय नेता हैं। इस हमले के बाद अब सीरिया की आंतरिक सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय मेहमानों की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।


व्यस्त इलाके में हमला: पर्यटन मंत्रालय और नेशनल म्यूजियम के पास ब्लास्ट
यह हमला दमिश्क के सबसे सुरक्षित और व्यस्त माने जाने वाले प्रशासनिक और सांस्कृतिक केंद्र में वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान हुआ है।

हमले का केंद्र: जिस इलाके में यह विस्फोट हुआ, वहीं पर सीरिया के पर्यटन मंत्रालय का मुख्य कार्यालय और नेशनल म्यूजियम स्थित हैं।

मुलाकात के वक्त धमाका: अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, ये धमाके ठीक उस वक्त हुए जब राष्ट्रपति मैक्रों दमिश्क में सिविल सोसायटी ग्रुप्स के साथ बैठक कर रहे थे।

काफिले के पास विस्फोट: पहला धमाका ठीक उसी रूट पर हुआ, जहां से मैक्रों का काफिला अपनी हाई-लेवल मीटिंग के लिए रवाना हुआ था।

4 पुलिसकर्मियों समेत 18 लोग घायल, हाई अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां
सीरिया की सरकारी न्यूज एजेंसी (SANA) के मुताबिक, इन जुड़वां धमाकों में अब तक कम से कम 18 लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं।

सुरक्षाकर्मी भी चपेट में: घायलों में सुरक्षा व्यवस्था में तैनात 4 स्थानीय पुलिसकर्मी भी शामिल हैं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मैक्रों की बैठकें जारी: इस भारी तनाव और सुरक्षा में चूक के बावजूद राष्ट्रपति मैक्रों ने सीरियाई नेता अहमद अल शारा से मुलाकात की है।

सुरक्षा घेरा मजबूत: हमले के तुरंत बाद फ्रांसीसी और सीरियाई खुफिया एजेंसियों ने राष्ट्रपति मैक्रों के चारों तरफ सुरक्षा का अदृश्य और अभेद्य घेरा और कड़ा कर दिया है।

इस यात्रा को सीरिया के अंतरराष्ट्रीय अलगाव को खत्म करने के एक बड़े प्रयास के रूप में देखा जा रहा था, लेकिन दमिश्क के दिल में हुए इन धमाकों ने यह साफ कर दिया है कि युद्धग्रस्त देश में शांति की राह अभी भी बेहद चुनौतीपूर्ण है।


(एजेंसी इनपुट के साथ)

Read More
Next Story