
बर्लिन में राहुल गांधी का बड़ा आरोप: संविधान खत्म करना चाहती है BJP
राहुल गांधी ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े और जटिल लोकतंत्र भारत को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र केवल भारत की संपत्ति नहीं, बल्कि एक वैश्विक सार्वजनिक संपत्ति है।
कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) संविधान को कमजोर करने और खत्म करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष इसके खिलाफ एक ऐसा प्रतिरोधी तंत्र तैयार करेगा, जो आखिरकार बीजेपी को सत्ता से बाहर करने में सफल होगा।
पिछले सप्ताह जर्मनी के बर्लिन स्थित हर्टी स्कूल में दिए गए भाषण में राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी ने देश की संस्थाओं पर व्यापक हमला कर उन्हें अपने राजनीतिक हितों के लिए इस्तेमाल किया है। 22 दिसंबर को कांग्रेस द्वारा जारी करीब एक घंटे के वीडियो में उन्होंने कहा कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला केवल भारत पर नहीं, बल्कि वैश्विक लोकतंत्र पर हमला है। राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी जो प्रस्तावित कर रही है, वह मूल रूप से संविधान को खत्म करना है। राज्यों के बीच समानता, भाषाओं और धर्मों के बीच समानता और संविधान के उस मूल सिद्धांत को खत्म करना, जिसके अनुसार हर नागरिक का समान मूल्य है।
राजनीति सुनने की कला
‘Politics is the Art of Listening’ शीर्षक वाले वीडियो में राहुल गांधी ने कहा कि जब लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला हो तो विपक्ष को सिर्फ चुनावों पर सवाल उठाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसका सामना करने के लिए ठोस रणनीति बनानी चाहिए। उन्होंने कहा कि हम बीजेपी से नहीं लड़ रहे, हम भारत की संस्थागत संरचना पर उनके कब्जे के खिलाफ लड़ रहे हैं। छात्रों के सवालों का जवाब देते हुए राहुल गांधी ने दावा किया कि देश की संस्थाओं का राजनीतिक इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रणाली और संस्थागत ढांचे पर गंभीर संकट है और पूरे देश में संस्थाएं अपनी भूमिका ठीक से नहीं निभा पा रही हैं।
भारतीय लोकतंत्र को बताया वैश्विक धरोहर
राहुल गांधी ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े और जटिल लोकतंत्र भारत को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र केवल भारत की संपत्ति नहीं, बल्कि एक वैश्विक सार्वजनिक संपत्ति है। इसलिए जब भारत के लोकतंत्र पर हमला होता है तो वह पूरे विश्व के लोकतंत्र पर हमला होता है।
चुनाव और एजेंसियों पर भी सवाल
बीजेपी पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने दावा किया कि ऐसा बिल्कुल भी शक नहीं था कि कांग्रेस हरियाणा विधानसभा चुनाव नहीं जीतती। क्योंकि, हरियाणा और महाराष्ट्र चुनाव निष्पक्ष नहीं थे। उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय (ED) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) पर भी आरोप लगाए और कहा कि इन एजेंसियों का राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। राहुल ने कहा कि कांग्रेस ने इन संस्थाओं को देश के लिए बनाया था, न कि पार्टी के लिए, लेकिन बीजेपी इन्हें अपनी संपत्ति मानकर इस्तेमाल कर रही है।
अर्थव्यवस्था पर मोदी सरकार पर हमला
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आर्थिक नीतियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मौजूदा आर्थिक मॉडल अब आगे नहीं बढ़ सकता और भारतीय अर्थव्यवस्था जाम हो चुकी है।
INDIA गठबंधन पर बयान
INDIA गठबंधन को लेकर राहुल गांधी ने कहा कि गठबंधन की सभी पार्टियां आरएसएस की मूल विचारधारा से सहमत नहीं हैं और इसी मुद्दे पर वे एकजुट हैं। उन्होंने कहा कि रणनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन संसद में विपक्ष पूरी तरह एकजुट है और जिन कानूनों से असहमति है, उनके खिलाफ मिलकर बीजेपी से मुकाबला करेगा।

