
ट्रंप की ईरान पर बड़े हमलों की धमकी : ‘होर्मुज़ तुरंत खोलो, वरना तेल और बिजली प्लांट करेंगे तबाह'
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ईरान के “नए और अधिक समझदार” नेतृत्व के साथ बातचीत कर रहा है, जिसका उद्देश्य वहां चल रहे अमेरिकी सैन्य अभियानों को खत्म करना है।
पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष को करीब महीनाभर हो जाने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर बहुत बड़े हमलों की धमकी दी है।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर लिखा, “अमेरिका ईरान के एक नए और अधिक समझदार शासन के साथ गंभीर बातचीत कर रहा है, ताकि हमारे सैन्य अभियान समाप्त किए जा सकें। काफी प्रगति हुई है, लेकिन अगर जल्द कोई समझौता नहीं होता—जो शायद हो जाएगा—और यदि होर्मुज़ जलडमरूमध्य तुरंत ‘व्यापार के लिए खुला’ नहीं किया गया, तो हम ईरान में अपने ‘ठहराव’ का अंत उनके सभी बिजली संयंत्रों, तेल कुओं और खार्ग द्वीप (और संभवतः सभी डीसैलिनेशन प्लांट्स) को पूरी तरह नष्ट करके करेंगे, जिन्हें हमने अब तक जानबूझकर नहीं छुआ है।”
ट्रंप ने आगे कहा कि यह कार्रवाई उन अमेरिकी सैनिकों और अन्य लोगों की मौत का बदला होगी, जिन्हें ईरान ने पिछले 47 वर्षों के “आतंक के शासन” के दौरान मारा है।

