कानूनी शिकंजे में भोजपुरी लोकगायिका नेहा सिंह, पहलगाम केस से क्या है नाता

भोजपुरी की लोकगायिका नेहा सिंह राठौर के खिलाफ लखनऊ पुलिस ने कई धाराओं में केस दर्ज किया है। राठौर पर आरोप है कि उनके सवाल राजद्रोह की श्रेणी में आते हैं।;

Update: 2025-04-28 07:07 GMT
नेहा सिंह राठौर भोजपुरी लोकगायिका हैं। इन्होंने वीडियो के जरिए केंद्र सरकार और पीएम मोदी से पहलगाम मसले को लेकर सवाल किए थे।

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पूरे देश में आक्रोश की लहर है। आम जनता से लेकर राजनीतिक दल तक पाकिस्तान की कड़ी आलोचना कर रहे हैं और सरकार से कड़े कदम उठाने की मांग कर रहे हैं। विपक्षी दलों ने भी सरकार को आतंकवाद के खिलाफ किसी भी कार्रवाई में समर्थन का आश्वासन दिया है।

लेकिन इस बीच भोजपुरी लोक गायिका नेहा सिंह राठौर का एक वीडियो विवाद का केंद्र बन गया है। लखनऊ में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है, जिसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की 10 धाराएं और आईटी अधिनियम की धारा 69A जोड़ी गई हैं।

किस वीडियो को लेकर मचा विवाद?

नेहा सिंह राठौर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर एक वीडियो पोस्ट किया था। इसमें उन्होंने आरोप लगाया कि पहलगाम हमला सरकार की चूक का नतीजा है और भाजपा इस मुद्दे का इस्तेमाल आगामी बिहार चुनाव में वोट बटोरने के लिए करेगी।

इस वीडियो के आधार पर लखनऊ निवासी अभय सिंह ने नेहा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता 2023 (BNS) की धारा 152, 196 (1)(a), 196 (1)(b), 197 (1)(a), 197 (1)(b), 197 (1)(c), 197 (1)(d), 353 (1)(c), 353 (2), 302 और आईटी अधिनियम 2008 की धारा 69A का हवाला दिया गया है।

नेहा सिंह राठौर पर लगे मुख्य आरोप

धारा 152: भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता को खतरे में डालने (राजद्रोह)।

धारा 196 (1)(a): धर्म, जाति, भाषा के आधार पर समूहों के बीच शत्रुता को बढ़ावा देना।

धारा 197 (1)(a)-(d): राष्ट्रीय एकता को नुकसान पहुँचाने और भ्रामक जानकारी प्रसारित करने का आरोप।

धारा 353 (1)(c) और (2): सार्वजनिक शरारत और आपराधिक गतिविधियों को उकसाने का प्रयास।

धारा 302: धार्मिक भावनाओं को आहत करना।

आईटी अधिनियम 69A: सूचना प्रौद्योगिकी से संबंधित प्रतिबंधों का उल्लंघन।

नेहा सिंह राठौर का वायरल वीडियो

अपने वायरल वीडियो में नेहा सिंह राठौर ने कहा:

"एक फोन कॉल से दूसरे देशों में युद्ध रुकवाने वाले अपने देश में आतंकवादी हमले नहीं रोक पा रहे हैं।"उन्होंने सवाल उठाया कि अगर देश में शिक्षा, स्वास्थ्य और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सवाल करना मना है तो आखिर सवाल किस पर पूछे जाएं? नेहा ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहलगाम हमले पर भी वोट बटोरे जाएंगे, जैसा पुलवामा हमले के बाद हुआ था।

पाकिस्तान ने वीडियो का किया दुरुपयोग

नेहा सिंह राठौर के इस वीडियो को पाकिस्तानी सोशल मीडिया हैंडल्स ने भी हथियार बनाकर भारत के खिलाफ प्रोपगेंडा चलाया। पाकिस्तानी हैंडल्स ने दावा किया कि "एक भारतीय लड़की ने पहलगाम हमले के पीछे की सच्चाई उजागर कर दी है।"

FIR पर नेहा सिंह राठौर की प्रतिक्रिया

एफआईआर दर्ज होने के बाद नेहा सिंह राठौर ने X पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा:"मेरे ऊपर लखनऊ में एफआईआर हो गई है, होनी भी चाहिए। इतनी बड़ी लोकतंत्र में एक मामूली लड़की सवाल कैसे पूछ सकती है? धन्यवाद योगी आदित्यनाथ जी और नरेंद्र मोदी जी। क्या कोई वकील मेरी मदद कर सकता है? मेरे अकाउंट में सिर्फ 519 रुपये बचे हैं।"

उन्होंने आगे कहा कि वे अपनी अगली रिकॉर्डिंग जारी रखेंगी और तबला वादक को भुगतान करके नया गीत रिकॉर्ड करेंगी।

Tags:    

Similar News