बृज भूषण सिंह को काबू में ना कर सकी बीजेपी, कांग्रेस ने क्यों लगाया आरोप

बृजभूषण शरण सिंह ने आरोप लगाया कि पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के परिवार ने अपने निहित स्वार्थों के लिए महिलाओं के सम्मान को दांव पर लगा दिया

Update: 2024-09-09 09:05 GMT

कांग्रेस ने पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह की इस टिप्पणी के लिए उन पर निशाना साधा है कि हुड्डा परिवार पहलवानों को उसी तरह दांव पर लगाता है, जैसे महाभारत में पांडवों ने द्रौपदी को दांव पर लगाया था।कांग्रेस ने सिंह की टिप्पणी को ‘भयानक’ और उनकी पार्टी की छवि खराब करने वाला बताते हुए कहा कि अगर सत्तारूढ़ पार्टी में ऐसे तत्वों को बढ़ावा दिया जाता है तो देश में महिलाओं के सुरक्षित रहने की उम्मीद नहीं की जा सकती।

बृजभूषण की द्रौपदी टिप्पणी

भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के पूर्व प्रमुख सिंह पर पिछले वर्ष कई महिला पहलवानों ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था और उनके खिलाफ जांच की मांग को लेकर कई सप्ताह तक धरना दिया था।रविवार (8 सितंबर) को उत्तर प्रदेश के गोंडा स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में सिंह ने कहा, ''महाभारत में जो जुआ खेला गया था, उसमें द्रौपदी को दांव पर लगाया गया था। पांडव हार गए थे। देश अभी भी उनके ऐसा करने के कारणों को स्वीकार नहीं कर पाया है।'' उन्होंने कहा, ''हुड्डा परिवार ने बेटियों और बहनों की इज्जत दांव पर लगाई। आने वाली पीढ़ियां इसके लिए उन्हें माफ नहीं करेंगी और इसके लिए उन्हें हमेशा दोषी माना जाएगा।''

भाजपा बृजभूषण को काबू में नहीं कर पाई: कांग्रेस

सिंह की टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस के मीडिया और प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने कहा, "बृजभूषण शरण सिंह ने भयानक टिप्पणी की है। दुर्भाग्य से, भाजपा उन्हें काबू में नहीं कर पा रही है। उन्हें उन्हें काबू में करने की जरूरत है क्योंकि यह इस देश की सत्तारूढ़ पार्टी के बारे में खराब बातें कहता है।" खेड़ा ने पीटीआई वीडियो से कहा, "अगर सत्तारूढ़ पार्टी में ऐसे तत्वों को बढ़ावा दिया जाता है, तो आप इस देश में महिलाओं के सुरक्षित रहने की उम्मीद कैसे कर सकते हैं?"

पहलवानों का विरोध प्रदर्शन

ओलंपिक कांस्य पदक विजेता विनेश फोगट और बजरंग पुनिया तथा एक अन्य ओलंपिक कांस्य विजेता साक्षी मलिक ने पिछले वर्ष सिंह के खिलाफ आंदोलन का नेतृत्व किया था।पूर्व डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष ने कहा, "बजरंग पुनिया की मानसिक स्थिति खराब हो गई है। उन्होंने अपनी पत्नी को दांव पर लगा दिया था। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि उन्होंने बिना ट्रायल के एशियाई खेलों में हिस्सा क्यों लिया?"

दिल्ली में पहलवानों के विरोध प्रदर्शन के बारे में पूछे जाने पर सिंह ने कहा, "दिल्ली में पहलवानों का कोई विरोध प्रदर्शन नहीं था, यह एक पारिवारिक विरोध था। जब हम पहलवान कहते हैं, तो एक समूह दिमाग में आता है। क्या पंजाब, हरियाणा में पहलवान नहीं हैं? क्या महाराष्ट्र, बिहार, उत्तर प्रदेश, (पश्चिम) बंगाल और हिमाचल (प्रदेश) में पहलवान नहीं हैं?" उन्होंने कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा पर दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "प्रियंका गांधी भी आती थीं।"

फोगाट, पुनिया को मोहरे के रूप में इस्तेमाल किया गया: बृजभूषण

उत्तर प्रदेश के कैसरगंज से पूर्व भाजपा सांसद सिंह ने शनिवार को कहा था कि कांग्रेस डब्ल्यूएफआई पर नियंत्रण करने की "साजिश" में फोगट और पुनिया को "मोहरे" के रूप में इस्तेमाल कर रही है।फोगट और पुनिया शुक्रवार को कांग्रेस में शामिल हुए और उन्होंने कहा कि वे "न डरेंगे और न पीछे हटेंगे।" इसके बाद, कांग्रेस ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए 32 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को गढ़ी सांपला-किलोई, प्रदेश इकाई के प्रमुख उदयभान को होडल और फोगट को जुलाना से मैदान में उतारा गया।सिंह को पहली बार 2012 में दीपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ तीखे मतभेद के बाद डब्ल्यूएफआई का नियंत्रण मिला था।

(एजेंसियों से प्राप्त इनपुट के साथ)


Tags:    

Similar News