शीश महल पर जारी है राजनीती, पार्क के उदघाटन पर फिर उठा मुद्दा
शालीमारबाग़ में डीडीए द्वारा विकसित पार्क का उद्घाटन किया गया, ये पार्क शीश महल की तर्ज पर विकसित किया गया है. इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पूर्व सीएम अरविन्द केजरीवाल के सरकारी आवास पर तंज कसा.;
Sheeshmahal Politics: दिल्ली विधानसभा चुनाव हो चुके हैं लेकिन अब भी शीश महल को लेकर राजनीती जारी है। दरअसल बुधवार को डीडीए द्वारा विकसित एक पार्क का उद्घाटन किया गया। ये पार्क शालीमार बाग़ में स्थित है, जहाँ मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का निवास भी है। लेकिन गौर करने वाली बात ये है कि इस पार्क को शीश महल की तर्ज पर विकसित किया गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आम आदमी पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि आज दिल्ली की जनता को 'असली शीश महल' समर्पित किया गया है। यह कोई भव्य इमारत नहीं, बल्कि एक सुंदर पार्क है, जिसे सालों की उपेक्षा के बाद फिर से संवारा गया। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत और दिल्ली के एलजी वीके सक्सेना भी मौजूद थे।
पूर्व मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल के तत्कालीन आवास पर ली चुटकी
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपनी बात रखते हुए कहा कि एक शीश महल वो भी था, जो जनता के पैसों से कुछ लोगों की अपनी मौज-मस्ती के लिए बनाया गया था। लेकिन आज जिस 'महल' की बात हो रही है, वो जनता के लिए है, जनता के चुने हुए प्रतिनिधियों ने इसे जनता को सौंपा है।
उन्होंने बड़े साफ शब्दों में बताया कि कैसे यह जगह पहले मिट्टी में दबे ऐतिहासिक स्मारकों और अव्यवस्था का ढेर थी। यहां कुछ भी ठीक नहीं था। लेकिन एलजी वीके सक्सेना के सहयोग से इसे फिर से सुंदर बनाया गया है। सीएम गुप्ता ने कहा कि एलजी की भूमिका इस पार्क को फिर से खड़ा करने में बहुत महत्वपूर्ण रही है।
अब जनता के हवाले है पार्क की देखरेख
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि इस पार्क की देखरेख की जिम्मेदारी अब स्थानीय लोगों के जिम्मे है। उन्होंने भरोसा जताया कि उनकी सरकार दिल्ली की हर विधानसभा में विकास के काम कर रही है। उन्होंने पुरानी सरकार पर भी परोक्ष रूप से निशाना साधा, यह कहते हुए कि उन्हें एलजी से 'बहुत तकलीफ' थी, जबकि उनकी सरकार को हमेशा एलजी का सहयोग मिला है।
वर्षों बाद आया कोई मुख्यमंत्री
सीएम गुप्ता ने जनता को यह भी याद दिलाया कि इस खास विधानसभा में वर्षों बाद कोई मुख्यमंत्री आया है। इससे पहले आखिरी बार यहां साहिब सिंह वर्मा आए थे। उनका लक्ष्य दिल्ली को और सुंदर, हरा-भरा और स्वच्छ बनाना है। उन्होंने जोर दिया कि दिल्ली में जो पहले नकारात्मक बातें हुआ करती थीं, अब उन्हें सकारात्मक माहौल में बदलना है। रेखा गुप्ता ने विश्वास जताया कि इस 'असली शीश महल' को वे और ऊंचाइयों तक लेकर जाएंगी।