योगी सरकार ने गन्ना मूल्य 30 रुपए बढ़ाया, जानिए कितना होगा किसानों को लाभ

यूपी सरकार के गन्ना मूल्य में 30 रुपए की वृद्धि के बाद अब अगैती प्रजाति के दाम 400 रुपए प्रति क्विंटल और सामान्य प्रजाति के दाम 390 प्रति क्विंटल हो गया है।केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने मुख्यमंत्री का आभार जताया है।

By :  Shilpi Sen
Update: 2025-10-29 07:49 GMT
गन्ना मूल्य बढ़ाने से किसानों को मिलेगा लाभ

UP sugarcane price update: योगी सरकार ने गन्ना किसानों को बड़ा तोहफा दिया है।यूपी में गन्ने के समर्थन मूल्य में 30 रुपए की वृद्धि की गई है।इसके बाद सामान्य प्रजाति के गन्ने का दाम 390 रुपए प्रति क्विंटल और अगैती प्रजाति का दाम 400 रुपए प्रति क्विंटल होगा।इससे पहले हरियाणा ने भी गन्ने का समर्थन मूल्य बढ़ाया था।यूपी में गन्ना किसान लगातार गन्ना मूल्य बढ़ाने की माँग कर रहे थे।

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने गन्ना किसानों की माँग को स्वीकार करते हुए गन्ने का राज्य समर्थित मूल्य (SAP) बढ़ाने का फ़ैसला किया है।इस घोषणा के तहत गन्ने का मूल्य 30 रुपए बढ़ाया गया है।यह मूल्य 2025-2026 के पेराई सत्र से लागू होगा।इससे यूपी के क़रीब 40 लाख गन्ना किसानों को लाभ होगा।इस वृद्धि के बाद अब अगैती प्रजाति के गन्ने का मूल्य 400 रुपए प्रति क्विंटल होगा जबकि सामान्य प्रजाति के गन्ने का मूल्य 390 रुपए प्रति क्विंटल होगा।ज़ाहिर है इस फ़ैसले से गन्ना किसान और उनके परिवारों को लाभ होगा।


जयंत चैधरी ने जताया आभार-

योगी सरकार ने अब तक चार बार गन्ना मूल्य बढ़ाया है। इससे किसानों को 2017 से अब तक 2,90,225 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है। इस बार गन्ना मूल्य बढ़ाए जाने से किसानों को 3000 करोड़ रुपए का अतिरिक्त भुगतना होगा।यूपी में गन्ना किसान लगातार गन्ना मूल्य बढ़ाने की माँग कर रहे थे।हाल ही में हरियाणा ने गन्ना मूल्य बढ़ाया था उसके बाद यूपी में माँग तेज हो गई थी।एनडीए की सहयोगी और यूपी के गन्ना बेल्ट माने जाने वाले पश्चिमी यूपी में आधार वाली राष्ट्रीय लोकदल ने इसका स्वागत किया है। केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा है ‘उत्तर प्रदेश सरकार ने गन्ने की मिठास और किसानों की मेहनत का मान रखा।मुख्यमंत्री जी को आभार ।’


लोकसभा चुनाव से पहले बढ़ाया गया था गन्ना मूल्य-

लोकसभा चुनाव से पहले गन्ना मूल्य 20 रुपए बढ़ाया गया था।इसके बाद वर्तमान में यह मूल्य सामान्य प्रजाति के लिए 360 रुपए प्रति क्विंटल और अगैती प्रजाति के लिए 370 रुपए प्रति क्विंटल था। पिछले आठ वर्षों में 4 नई चीनी मिलें स्थापित की गईं, 6 बंद मिलें दोबारा शुरू की गईं और 42 मिलों की उत्पादन क्षमता में विस्तार हुआ। इससे प्रदेश में 8 नई बड़ी मिलों के बराबर उत्पादन क्षमता में वृद्धि दर्ज हुई है।गन्ना विकास मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने बताया कि ‘स्मार्ट गन्ना किसान’ प्रणाली के माध्यम से गन्ना क्षेत्रफल, सट्टा, कैलेंडरिंग और पर्ची जारी करने की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन कर दी गई है।

Tags:    

Similar News