विजय का तीखा हमला: BJP वैचारिक तो DMK राजनीतिक दुश्मन
विजय ने इस सम्मेलन के जरिए 2026 विधानसभा चुनाव के लिए अपने तेवर साफ कर दिए हैं। TVK को DMK के लिए चुनौती बनते हुए पेश किया और भाजपा के खिलाफ स्पष्ट वैचारिक विरोध जाहिर किया।;
अभिनेता से राजनेता बने तमिलगा वेट्ट्री कषगम (TVK) के अध्यक्ष विजय ने गुरुवार को मदुरै के पारापथी में अपनी पार्टी के दूसरे राज्य सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन दोनों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने एलान किया कि 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में सीधी टक्कर केवल DMK और TVK के बीच होगी। उन्होंने कहा कि TVK की वैचारिक दुश्मन भाजपा है और राजनीतिक दुश्मन DMK।
महिलाओं और कर्मचारियों से झूठे वादे
विजय ने आरोप लगाया कि DMK सरकार ने महिलाओं, सरकारी कर्मचारियों और आम जनता को झूठे चुनावी वादों से धोखा दिया है। उन्होंने अपने समर्थकों से आह्वान किया कि “DMK को 2026 में सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएं।” उन्होंने कहा कि 1967 और 1977 में तमिलनाडु में सत्ता परिवर्तन हुआ था। 2026 में इतिहास फिर दोहराया जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी से तीखे सवाल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाने पर लेते हुए विजय ने कहा कि केंद्र सरकार तमिलों की समस्याओं को हल करने में विफल रही है। उन्होंने पूछा कि 800 से अधिक मछुआरों पर हमले हुए हैं। क्या आप कच्चतीवु को वापस लेकर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे? उन्होंने NEET परीक्षा को लेकर केंद्र पर अन्याय का आरोप लगाया और कहा कि NEET तमिल छात्रों के लिए एक अन्याय है। क्या आप घोषित करेंगे कि NEET की कोई जरूरत नहीं है?
DMK और BJP की मिलीभगत
विजय ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय और क्षेत्रीय दलों ने भाजपा और RSS से सीधे या परोक्ष गठबंधन किए हैं। उन्होंने कहा कि जब पूरी दुनिया के तमिल हमारे साथ हैं तो हमें फासीवादी भाजपा से कोई गुप्त समझौता क्यों करना चाहिए? हम कोई भ्रष्ट पार्टी नहीं हैं, जो दिल्ली के सामने झुकें।
स्टालिन को खरी-खोटी
मुख्यमंत्री स्टालिन को “मामा” कहकर संबोधित करते हुए विजय ने कहा कि क्या आपकी सरकार में कोई सुरक्षित है? महिलाएं कह रही हैं कि सार्वजनिक जगहों और कार्यस्थलों पर उन्हें सुरक्षा नहीं मिल रही है। क्या उनकी आवाज़ आपके कानों तक पहुंचती है? उन्होंने आगे कहा कि ₹1,000 देना काफी नहीं है, भ्रष्टाचार इस हद तक बढ़ गया है कि भूखे पेट भी हंसते हैं।
MGR और विजयकांत को किया याद
विजय ने महान नेता एमजीआर (MGR) और अभिनेता से राजनेता बने विजयकांत को याद करते हुए कहा कि मैंने MGR को नहीं देखा, लेकिन मैं विजयकांत के बहुत करीब था। मैं उन्हें कभी नहीं भूल सकता।
TVK की प्राथमिकताएं और घोषणा
विजय ने अपने भाषण में कहा कि TVK की सरकार महिला, बच्चे, बुजुर्ग, युवाओं, किसानों, श्रमिकों, मछुआरों, बुनकरों, दिव्यांगों और ट्रांसजेंडर समुदाय की सुरक्षा और कल्याण पर केंद्रित होगी। यह सिर्फ वोटों की लड़ाई नहीं, जनविरोधी सरकारों के खिलाफ जनक्रांति है।