Russia Europe tensions: यूरोप अगर जंग चाहता है तो रूस तैयार, बोले राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन
Putin के ये बयान ऐसे समय में आए हैं, जब अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ मॉस्को में रूस के राष्ट्रपति से मुलाकात कर रहे हैं।
Vladimir Putin: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि मॉस्को यूरोपीय देशों के साथ युद्ध नहीं चाहता, लेकिन अगर यूरोप सीधे टकराव की शुरुआत करता है तो रूस पूरी तरह तैयार है। पुतिन ने कहा कि हम यूरोप से युद्ध नहीं करने वाले, मैं पहले भी कह चुका हूं। लेकिन अगर यूरोप अचानक हमसे युद्ध करना चाहता है और शुरू करता है तो हम तुरंत तैयार हैं। इसमें कोई शक नहीं होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर यूरोप रूस के साथ युद्ध शुरू करता है तो हालात ऐसे बन सकते हैं कि बातचीत करने वाला कोई बचेगा ही नहीं।
शांतिवार्ता से बाहर हुआ यूरोप
पुतिन ने आरोप लगाया कि यूरोपीय देशों ने यूक्रेन युद्ध खत्म करने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रयासों में बाधा डाली। पुतिन के अनुसार, यूरोपीय देशों ने ऐसे प्रस्ताव दिए, जिन्हें वे जानते थे कि मॉस्को के लिए पूरी तरह अस्वीकार्य होंगे, ताकि बाद में रूस पर शांति न चाहने का आरोप लगाया जा सके। पुतिन ने कहा कि यूरोपीय ताकतें यूक्रेन पर शांति वार्ता से खुद को अलग कर चुकी हैं। क्योंकि उन्होंने रूस से अपने संपर्क खत्म कर लिए हैं।
यूक्रेन की समुद्र तक पहुंच काटने की धमकी
काला सागर में रूस के शैडो फ्लीट के टैंकरों पर ड्रोन हमलों के जवाब में पुतिन ने धमकी दी कि रूस यूक्रेन को समुद्र से पूरी तरह काट सकता है। उन्होंने कहा कि सबसे कड़े कदम के रूप में यूक्रेन की समुद्र तक पहुंच पूरी तरह काट दी जा सकती है, तब समुद्री डकैती जैसी चीजें असंभव हो जाएंगी। पुतिन ने कहा कि रूस यूक्रेनी ठिकानों और जहाजों पर हमले तेज करेगा और उन देशों के टैंकरों पर भी कार्रवाई करेगा, जो यूक्रेन की मदद कर रहे हैं।
रूसी ‘शैडो फ्लीट’ पर ड्रोन हमले
शनिवार को एक यूक्रेनी सुरक्षा अधिकारी ने दावा किया था कि यूक्रेनी नौसैनिक ड्रोन ने काला सागर में दो प्रतिबंधित रूसी टैंकरों को निशाना बनाया। ये टैंकर रूस के एक बंदरगाह पर तेल लोड करने के लिए जा रहे थे। मंगलवार को तुर्की के तट के पास सूरजमुखी तेल से भरे एक रूसी-ध्वज वाले टैंकर ने भी ड्रोन हमले की जानकारी दी। तुर्की की समुद्री प्राधिकरण और ट्राइबेका शिपिंग एजेंसी के अनुसार, इसमें किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। यूक्रेन ने इस घटना में अपनी भूमिका से इनकार किया। यूक्रेन पहले भी रूसी काला सागर बंदरगाह नोवोरोसिस्क पर मिसाइल और ड्रोन हमले कर चुका है, जिससे तेल परिवहन प्रभावित हुआ है।
मॉस्को में अमेरिका के विशेष दूत
पुतिन के ये बयान ऐसे समय में आए हैं, जब अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ मॉस्को में रूस के राष्ट्रपति से मुलाकात कर रहे हैं। वे यूक्रेन युद्ध समाप्त करने के लिए वॉशिंगटन द्वारा प्रस्तावित मसौदा शांति योजना पर चर्चा कर रहे हैं।