अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला 19 जून को जाएंगे स्पेस, ISRO ने की लॉन्च डेट की पुष्टि

इस मिशन के दौरान शुभांशु शुक्ला भारत द्वारा डिजाइन किए गए सात वैज्ञानिक प्रयोग करेंगे और NASA के साथ संयुक्त शोध में भी भाग लेंगे।;

Update: 2025-06-14 08:43 GMT

भारतीय अंतरिक्ष यात्री और वायुसेना के पायलट शुभांशु शुक्ला अब 19 जून 2025 को अंतरिक्ष के लिए रवाना होंगे। इसरो (ISRO) ने उनकी उड़ान की नई तारीख की आधिकारिक घोषणा करते हुए यह खुशखबरी साझा की है।

इस उड़ान के साथ Ax-04 मिशन की लॉन्चिंग डेट भी अब पक्की हो गई है, जिसे पहले तकनीकी कारणों से अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया था। यह मिशन NASA के केनेडी स्पेस सेंटर (फ्लोरिडा) से लॉन्च किया जाएगा।

Ax-04 एक संयुक्त अंतरराष्ट्रीय मिशन है, जिसमें Axiom Space, SpaceX और ISRO मिलकर काम कर रहे हैं। शुभांशु शुक्ला इस मिशन के साथ अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) की यात्रा करने वाले चुनिंदा भारतीयों में शामिल हो जाएंगे।

तकनीकी बाधा अब दूर

इससे पहले Falcon 9 रॉकेट में लिक्विड ऑक्सीजन लीक की तकनीकी समस्या सामने आई थी। SpaceX के इंजीनियरों ने इसे अब पूरी तरह से ठीक कर लिया है। इसके बाद ISRO, SpaceX और Axiom Space की एक संयुक्त समीक्षा बैठक में मिशन को अंतिम मंजूरी दी गई।

वैज्ञानिक प्रयोग और शोध में भागीदारी

इस मिशन के दौरान शुभांशु शुक्ला भारत द्वारा डिज़ाइन किए गए सात वैज्ञानिक प्रयोग अंतरिक्ष में करेंगे। इसके साथ ही वे NASA के साथ मिलकर संयुक्त शोध में भी भाग लेंगे। यह मिशन भारत के मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम की दिशा में एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।

कमर्शियल अंतरिक्ष स्टेशन की दिशा में कदम

Ax-04 मिशन, Axiom Space की उस बड़ी योजना का हिस्सा है जिसके तहत कंपनी दुनिया का पहला वाणिज्यिक (कॉमर्शियल) अंतरिक्ष स्टेशन तैयार करने की दिशा में काम कर रही है। यह मिशन न केवल भारत के लिए, बल्कि वैश्विक अंतरिक्ष अनुसंधान में भी एक महत्वपूर्ण योगदान साबित होगा।

Tags:    

Similar News