पाक-अफगान तनाव पर बोले ट्रंप– 'इसे सुलझाना मेरे लिए आसान काम'
व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि उन्हें पता चला है कि पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर हमला किया है और यह टकराव ऐसा है, जिसे वे आसानी से सुलझा सकते हैं।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच चल रहे सैन्य संघर्ष को खत्म करने के इच्छुक हैं और अगर जरूरत पड़ी तो यह “उनके लिए आसान काम” होगा। उन्होंने इसे अपना ‘नौवां युद्ध समाधान’ बताया, यह दावा करते हुए कि वे अब तक आठ युद्धों को समाप्त कर चुके हैं।
ट्रंप का आरोप
शुक्रवार (17 अक्टूबर) को व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि उन्हें पता चला है कि पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर हमला किया है और यह टकराव ऐसा है, जिसे वे आसानी से सुलझा सकते हैं। मुझे पता चला है कि पाकिस्तान ने हमला किया है या अफगानिस्तान के साथ संघर्ष चल रहा है। अगर मुझे इसमें कूदना पड़ा तो ये मेरे लिए आसान काम है। फिलहाल मुझे अमेरिका चलाना है, लेकिन मुझे युद्ध सुलझाना पसंद है।
भारत-पाक संघर्ष पर भी दोहराया दावा
ट्रंप ने यह भी दावा दोहराया कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान जैसे परमाणु संपन्न देशों के बीच का तनाव भी सुलझाया था। हालांकि, भारत सरकार ने ट्रंप के इस दावे को पहले भी स्पष्ट रूप से खारिज किया है, यह कहते हुए कि भारत-पाकिस्तान के बीच युद्धविराम सैन्य अधिकारियों के बीच बातचीत के जरिए हुआ था, न कि किसी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता से।
नोबेल शांति पुरस्कार न मिलने पर खिन्न
ट्रंप ने खुद को “जीवन बचाने वाला” बताने के बावजूद नोबेल शांति पुरस्कार न मिलने पर नाराज़गी जताई। उन्होंने कहा कि हर बार जब उन्होंने कोई युद्ध रोका तो उन्हें कहा गया कि अगली बार अगर आप एक और युद्ध सुलझाते हैं तो आपको नोबेल मिलेगा, लेकिन उन्हें आज तक यह पुरस्कार नहीं मिला। मैंने आठ युद्ध सुलझाए हैं। आप रवांडा और कांगो जाइए, भारत और पाकिस्तान को देखिए। हर बार यही कहा गया कि अगला सुलझाया तो नोबेल मिलेगा... लेकिन मिला नहीं।
पता नहीं किसे मिला इस साल नोबेल
उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें नहीं पता कि 2025 का नोबेल शांति पुरस्कार किसे मिला है। ट्रंप ने कहा कि किसी महिला को यह पुरस्कार मिला है, जो शायद अच्छी होंगी। लेकिन मुझे इन चीज़ों से फर्क नहीं पड़ता। मेरा मकसद सिर्फ लोगों की जान बचाना है और अब पाकिस्तान-अफगानिस्तान वाला युद्ध मेरा नौवां मिशन होगा।
ट्रंप ने अमेरिकी इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि अब तक अमेरिका को ऐसा राष्ट्रपति नहीं मिला, जिसने एक भी युद्ध रोका हो। उन्होंने कहा कि जॉर्ज बुश ने युद्ध शुरू किए, जबकि उन्होंने “करोड़ों लोगों की जान बचाई।”
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय पर आया है, जब पाकिस्तान ने हाल ही में अफगानिस्तान में आतंकी ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं। ये हमले उत्तर वज़ीरिस्तान में सैन्य अड्डे पर बम और गोलीबारी हमले के बाद हुए। इस्लामाबाद और काबुल के बीच 48 घंटे का संघर्षविराम लागू किया गया था, जो बाद में दोहा में प्रस्तावित वार्ता तक के लिए बढ़ा दिया गया, लेकिन फिर भी पाकिस्तान की कार्रवाई के चलते हालात फिर से तनावपूर्ण हो गए हैं।