
असम चुनाव में 'यूपी मॉडल' का जिक्र, योगी बोले- यूपी में सड़कों पर नमाज नहीं, दंगाइयों की संपत्ति जब्त
असम की चुनावी रैली में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था के मामले में यूपी मॉडल का जिक्र किया। कहा कि पिछले नौ वर्षों में यूपी में कोई दंगा नहीं हुआ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने असम विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस और उसके सहयोगियों पर तीखा हमला बोला। शुक्रवार को उन्होंने असम में दो चुनावी रैलियों को संबोधित किया और एनडीए उम्मीदवारों के लिए वोट मांगे।
बरपेटा में आयोजित रैली में योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब “नो कर्फ्यू, नो दंगा” की स्थिति है और सड़कों पर नमाज पढ़ने की अनुमति नहीं है। उन्होंने दावा किया कि अगर कोई दंगा करता है तो उसकी संपत्ति जब्त कर गरीबों और दलितों में बांट दी जाती है।
राम मंदिर और कांग्रेस पर निशाना
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा की “डबल इंजन” सरकार ने अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण कराया, जबकि कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए थे।
उन्होंने कहा, “हम कहते थे रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे, लेकिन कांग्रेस कहती थी कि राम थे ही नहीं।”
असम में घुसपैठ का मुद्दा
सीएम योगी ने कांग्रेस और यूडीएफ पर आरोप लगाया कि उन्होंने असम की संस्कृति के साथ खिलवाड़ किया और घुसपैठ को बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा कि इससे राज्य की जनसांख्यिकी प्रभावित हुई और स्थानीय लोगों की जमीन और अधिकारों पर खतरा पैदा हुआ।
योगी ने कहा कि मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में राज्य सरकार घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें बाहर करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने एनडीए की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि असम को “लैंड जिहाद” और “लव जिहाद” की जमीन नहीं बनने दिया जाएगा।
यूपी मॉडल का जिक्र
योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण में उत्तर प्रदेश के “कानून-व्यवस्था मॉडल” का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में यूपी में कोई दंगा नहीं हुआ और राज्य अब “दंगा मुक्त, कर्फ्यू मुक्त और माफिया मुक्त” बन चुका है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पहले यूपी में महीनों तक कर्फ्यू लगता था, जबकि अब विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं।
UDF और कांग्रेस पर हमला
योगी ने यूडीएफ को असम में घुसपैठ की “जननी” बताया और कहा कि कांग्रेस उसके सहारे सत्ता में आना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दलों ने भारत और भारतीयता का अपमान किया है।
मोदी सरकार की तारीफ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए योगी ने कहा कि केंद्र और राज्य में “डबल इंजन सरकार” बनने के बाद असम में विकास तेज हुआ है। उन्होंने दावा किया कि राज्य अब चिप निर्माण जैसे नए क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है और पूर्वोत्तर में सुरक्षा व सुशासन का माहौल बना है।
योगी आदित्यनाथ ने बरपेटा सीट से एनडीए उम्मीदवार दीपक कुमार दास और बरछला से विटुबरन शर्मा के समर्थन में वोट करने की अपील की।
चुनावी माहौल के बीच उनके बयान असम में सियासी बहस को और तेज कर सकते हैं।

