बंगाल में BJP का संकल्प पत्र, UCC से विकास तक चुनावी रणनीति का बड़ा दांव
x

बंगाल में BJP का संकल्प पत्र, UCC से विकास तक चुनावी रणनीति का बड़ा दांव

अमित शाह ने बंगाल चुनाव के लिए BJP का संकल्प पत्र जारी कर दिया है। समान नागरिक संहिता, महिलाओं को 3000 रुपये, 7वें वेतन आयोग और विकास के कई बड़े वादे किए।


बीजेपी के कद्दावर नेता अमित शाह (Amit Shah) ने आज पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए घोषणापत्र जारी किया, जिसे ‘संकल्प पत्र’ नाम दिया गया है। इस दौरान उन्होंने राज्य की जनता से कई बड़े वादे किए और साथ ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (All India Trinamool Congress) पर तीखा हमला बोला।

अमित शाह ने तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन को बंगाल के लिए बुरा सपना बताते हुए कहा कि भाजपा का यह संकल्प पत्र खास तौर पर युवाओं और महिलाओं के लिए नई उम्मीद लेकर आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी ने अपने कार्यकाल में कई झूठे वादे किए।

UCC लागू करने का वादा

भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि सत्ता में आने के छह महीने के भीतर पश्चिम बंगाल में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू की जाएगी। अमित शाह ने कहा कि कई भाजपा शासित राज्यों में यह लागू हो चुका है और बंगाल में भी इसे लागू कर सभी नागरिकों के लिए एक समान कानून सुनिश्चित किया जाएगा।

सरकारी कर्मचारियों के लिए 7वां वेतन आयोग

भाजपा ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनधारकों को साधने की कोशिश करते हुए वादा किया कि सरकार बनने के 45 दिनों के भीतर 7वें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू कर दी जाएंगी। इससे लाखों कर्मचारियों और रिटायर्ड लोगों को सीधा लाभ मिलने की बात कही गई है।

महिलाओं और युवाओं के लिए बड़े ऐलान

संकल्प पत्र में महिलाओं और युवाओं के लिए कई योजनाओं की घोषणा की गई। भाजपा ने बेरोजगार युवतियों को हर महीने 3000 रुपये की आर्थिक सहायता देने का वादा किया है, जो हर महीने की 1 से 5 तारीख के बीच सीधे बैंक खातों में जमा की जाएगी। इसके अलावा सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण देने की बात भी कही गई है।साथ ही, ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना के तहत मिलने वाले 1500 रुपये के मासिक भत्ते को दोगुना करने और बेरोजगारी भत्ते में भी वृद्धि का वादा किया गया है।

घुसपैठ और तस्करी पर सख्ती

अमित शाह ने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर राज्य में घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें बाहर किया जाएगा। साथ ही बंगाल के रास्ते होने वाली मवेशियों की तस्करी पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सीमाओं को मजबूत किया जाएगा ताकि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि पर लगाम लग सके।

उत्तर बंगाल के विकास पर जोर

भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में उत्तर बंगाल के विकास को प्राथमिकता देने की बात कही। इसके तहत क्षेत्र में एक AIIMS, IIT, IIM और फैशन टेक्नोलॉजी संस्थान स्थापित करने का वादा किया गया है, जिससे शिक्षा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।


Read More
Next Story