औंधे मुंह गिरा IT इंडेक्स, Infosys-TCS को झटका, नए AI टूल से हड़कंप
x

औंधे मुंह गिरा IT इंडेक्स, Infosys-TCS को झटका, नए AI टूल से हड़कंप

अमेरिकी AI स्टार्टअप Anthropic द्वारा वर्कप्लेस प्रोडक्टिविटी टूल्स लॉन्च किए जाने के बाद, भारत की बड़ी आईटी कंपनियों के शेयरों में बुधवार सुबह भारी गिरावट देखी गई।


आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते असर को लेकर आईटी सेक्टर में डर का माहौल बन गया है। अमेरिकी AI स्टार्टअप Anthropic द्वारा वर्कप्लेस प्रोडक्टिविटी टूल्स लॉन्च किए जाने के बाद, भारत की बड़ी आईटी कंपनियों के शेयरों में बुधवार सुबह भारी गिरावट देखी गई। Infosys, Wipro, HCL Tech और Persistent Systems जैसे आईटी शेयरों में 4% से 6% तक की गिरावट आई। इस गिरावट से निवेशकों की करीब 1.75 लाख करोड़ रुपये की मार्केट वैल्यू साफ हो गई।

आईटी शेयर हुए धड़ाम

सबसे ज्यादा नुकसान Persistent Systems को हुआ, जिसके शेयर 6% से ज्यादा टूटे। वहीं Infosys, LTIMindtree, Coforge, TCS, Mphasis और HCL Tech में 4–6% की गिरावट दर्ज की गई। Wipro और Tech Mahindra के शेयर करीब 4% नीचे रहे। इस वजह से निफ्टी आईटी इंडेक्स का कुल मार्केट कैप घटकर करीब 30 लाख करोड़ रुपये रह गया।

ग्लोबल मार्केट की गिरावट का दिखा असर

इस डर की शुरुआत अमेरिका के शेयर बाजार से हुई, जहां टेक शेयरों से भरा Nasdaq इंडेक्स 1.4% गिरा और करीब 300 अरब डॉलर की वैल्यू साफ हो गई। गिरावट की बड़ी वजह Anthropic का ऐलान रहा। कंपनी ने कॉरपोरेट लीगल टीम्स के लिए एक नया AI टूल लॉन्च किया है, जो कॉन्ट्रैक्ट रिव्यू, NDA जांच, कंप्लायंस वर्कफ्लो, लीगल ड्राफ्टिंग और स्टैंडर्ड जवाब जैसे कई काम ऑटोमैटिक कर सकता है। इससे निवेशकों की चिंता और बढ़ गई है। बाजार को डर है कि जैसे-जैसे AI ज्यादा ताकतवर होगा, आईटी कंपनियों पर कंपटीशन और मुनाफे का दबाव बढ़ेगा। निवेशकों को आशंका है कि कंपनियों के लिए अपनी प्राइसिंग पावर और प्रॉफिटेबिलिटी बनाए रखना मुश्किल हो सकता है।

अंतरराष्ट्रीय ब्रोकरेज फर्म Jefferies ने भी आईटी सेक्टर को लेकर सतर्क रुख अपनाया है। 2 फरवरी की रिपोर्ट में Jefferies ने कहा कि उसने अपने इंडिया मॉडल पोर्टफोलियो में आईटी सेक्टर का वजन घटा दिया है। अब उसका आईटी वेटेज 5.6% रह गया है, जो MSCI इंडिया के 9.7% से काफी कम है।

रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 16 महीनों में विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार से करीब 34 अरब डॉलर निकाले हैं, और आईटी सेक्टर इसका सबसे ज्यादा शिकार रहा है। हालांकि Anthropic ने सफाई देते हुए कहा कि उसका AI टूल कानूनी सलाह नहीं देता और AI से बने किसी भी एनालिसिस को इस्तेमाल से पहले लाइसेंस प्राप्त वकीलों द्वारा जांचना जरूरी है। कंपनी ने लीगल टूल के अलावा सेल्स और कस्टमर सपोर्ट जैसे प्रोफेशनल कामों के लिए भी कई ओपन-सोर्स AI प्रोडक्ट्स लॉन्च किए हैं।

Anthropic की स्थापना 2021 में Dario Amodei और OpenAI के पूर्व कर्मचारियों ने की थी। उधर, अमेरिकी बाजार भी दबाव में रहे। S&P 500 0.84% गिरकर 6,917 पर बंद हुआ। Nasdaq 1.43% टूटकर 23,255 पर आ गया। Dow Jones में तुलनात्मक रूप से कम गिरावट रही और यह 0.34% नीचे बंद हुआ। AI दिग्गज कंपनियों में Nvidia और Microsoft के शेयर करीब 3% टूटे। Alphabet 1.2% और Amazon 1.8% फिसल गया।

Read More
Next Story