AI ने शेयर मार्केट में मचाया कोहराम, 1048 अंक गिरकर बाज़ार हुआ धड़ाम...
x

AI ने शेयर मार्केट में मचाया कोहराम, 1048 अंक गिरकर बाज़ार हुआ धड़ाम...

भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गई। एक ही दिन में निवेशकों को करीब 7 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।


Stock Market Crash: शुक्रवार को भारतीय शेयर बाज़ार में जोरदार गिरावट देखने को मिली। 1048 अंक गिरकर सेंसक्स 82636.76 पर बंद हुआ, तो वहीं निफ्टी 50 336 अंक गिरकर 25421.10 पर बंद हुआ। शेयर बाज़ार में ये मंदी कमजोर ग्लोबल संकेतों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के असर को लेकर देखी गई। ग्लोबल मार्केट में गिरावट और AI के असर ने बाज़ार पर ऐसा असर दिखाया कि शेयर मार्केट 1000 अंकों की गिरावट के साथ अफरातफरी का माहौल देखने को मिला।

मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में दिखी बिकवाली

मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में और ज्यादा दबाव देखने को मिला। BSE 150 मिडकैप इन्डेक्स 1.58% गिर गया, जबकि BSE 250 स्मॉलकैप इन्डेक्स 1.50% लुढ़क गया। इससे साफ है कि बड़े शेयरों के साथ-साथ छोटे और मझोले शेयरों में भी बिकवाली का दबाव रहा। बाजार में डर का माहौल बढ़ने का संकेत वोलैटिलिटी इंडेक्स से भी मिला। India VIX 13% से ज्यादा उछलकर फिर से 13 के स्तर के ऊपर पहुंच गया। India VIX के बढ़ने का मतलब है कि आने वाले दिनों में बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।

बाजार में आई इस भारी गिरावट का सीधा असर निवेशकों की संपत्ति पर पड़ा। बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण घटकर करीब 465 लाख करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले सत्र में 472 लाख करोड़ रुपये था। यानी एक ही दिन में निवेशकों को लगभग 7 लाख करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा।

चलिए अब जानते हैं कि क्या थे मुख्य कारण जिनकी वजह से बाज़ार में इतनी बिकवाली देखने को मिली?

ग्लोबल मार्केट में AI का डर

विशेषज्ञों के अनुसार, ग्लोबल मार्केट से मिले कमजोर संकेतों ने निवेशकों का भरोसा डगमगा दिया। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के तेजी से बढ़ते प्रभाव को लेकर टेक्नोलॉजी और अन्य क्षेत्रों में अनिश्चितता बनी हुई है। निवेशकों को डर है कि AI की वजह से कई बड़े बिजनेस मॉडल प्रभावित हो सकते हैं। इसके अलावा, अमेरिका से आए मजबूत रोजगार आंकड़ों के बाद यह उम्मीद कमजोर पड़ी है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व जल्द ही ब्याज दरों में कटौती करेगा। इससे वैश्विक बाजारों में दबाव बना और उसका असर भारतीय बाजार पर भी पड़ा।

निफ्टी 50 के टॉप लूजर्स

निफ्टी 50 में कई बड़े शेयरों में तेज गिरावट दर्ज की गई। Hindalco Industries करीब 6% टूट गया। Hindustan Unilever में 4% से ज्यादा की गिरावट रही। Adani Enterprises और ONGC भी प्रमुख गिरने वाले शेयरों में शामिल रहे।

कुछ शेयरों में जोरदार उछाल

हालांकि बाजार में भारी गिरावट रही, लेकिन कुछ शेयरों में तेज तेजी भी देखने को मिली। GE Power India, DC Infotech and Communication और Universus Photo Imaging सहित 16 शेयरों में 15% से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई। वहीं दूसरी ओर SpiceJet, Oxygenta Pharmaceutical जैसे शेयर 15% से ज्यादा गिर गए।

52 हफ्ते के उच्च और निचले स्तर

बीएसई पर 83 शेयर ऐसे रहे जिन्होंने दिन के कारोबार के दौरान 52 हफ्तों का उच्च स्तर छुआ। इनमें Eicher Motors, Bharat Forge और Max Financial Services शामिल रहे। दूसरी तरफ, करीब 193 शेयर 52 हफ्तों के निचले स्तर पर पहुंच गए। इनमें TCS, Infosys, Wipro और Info Edge जैसे बड़े नाम शामिल हैं। कुल मिलाकर, शुक्रवार का कारोबारी सत्र निवेशकों के लिए बेहद निराशाजनक रहा। बाजार में फिलहाल अस्थिरता बनी हुई है और वैश्विक संकेतों पर आगे की दिशा निर्भर करेगी।

Read More
Next Story