बिहार विधानसभा चुनाव: एग्जिट पोल में NDA की भारी जीत, विपक्ष ने उठाए सवाल
x

बिहार विधानसभा चुनाव: एग्जिट पोल में NDA की भारी जीत, विपक्ष ने उठाए सवाल

Exit Polls: बिहार में मतदान दो चरणों 6 और 11 नवंबर को संपन्न हुआ। अब सभी की नजरें 14 नवंबर, शुक्रवार पर टिकी हैं, जब मतगणना के नतीजे तय करेंगे कि क्या एनडीए फिर से सत्ता में लौटेगी या बिहार में महागठबंधन की वापसी होगी।


Click the Play button to hear this message in audio format

Bihar Elections: बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों में अब कुछ ही दिन बाकी हैं। लेकिन उससे पहले जारी अधिकांश एग्जिट पोल में राज्य में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की भारी जीत की भविष्यवाणी की गई है। जहां भाजपा इन नतीजों से उत्साहित है। वहीं विपक्षी महागठबंधन ने एग्जिट पोल की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए दावा किया है कि इस बार वे सत्ता परिवर्तन करने जा रहे हैं।

अधिकांश एग्जिट पोल्स के अनुसार, एनडीए 243 में से 122 सीटों के बहुमत के आंकड़े को पार कर जाएगी। इनमें मैट्रिज, पी-मार्क, पीपुल्स पल्स, भास्कर, पीपुल्स इनसाइट, जेवीसी और पोल डायरी जैसी एजेंसियों के सर्वे शामिल हैं। इन सभी ने एनडीए को कम से कम 133 सीटें मिलने की संभावना जताई है। एनडीए में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जदयू, चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी, उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा और जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) शामिल हैं।

हालांकि, सभी एग्जिट पोल एनडीए के पक्ष में नहीं रहे। मतदान समाप्त होने के बाद जर्नो मिरर नामक एक पोर्टल ने अपने सर्वे में महागठबंधन को 130 से 140 सीटें मिलने का अनुमान जताया। जबकि एनडीए को मात्र 100 से 110 सीटें मिलने की बात कही। महागठबंधन में राजद (तेजस्वी यादव) और कांग्रेस मुख्य दल हैं।

भाजपा में जश्न

एग्जिट पोल के नतीजों से भाजपा खेमे में उत्साह का माहौल है। भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि बिहार से कांग्रेस और राजद की सफाई शुरू हो चुकी है। इस बार का परिणाम सबसे चौंकाने वाला होगा। एनडीए दो-तिहाई बहुमत से सत्ता में लौटेगा। भाजपा नेता मनोज तिवारी ने दावा किया कि महागठबंधन ने पहले ही हार मान ली है। उन्होंने कहा, “जो माहौल हमने जमीन पर देखा, वही एग्जिट पोल में दिखाई दे रहा है। बिहार की महिलाएं और नई पीढ़ी प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भरोसा करती हैं। बिहार के उपमुख्यमंत्री ने भी कहा कि एग्जिट पोल इस बात का संकेत हैं कि जनता प्रधानमंत्री मोदी और नीतीश कुमार पर विश्वास रखती है। उन्होंने दावा किया कि वास्तविक परिणामों (एक्ज़ैक्ट पोल) में एनडीए को और बड़ी जीत मिलेगी।

विपक्ष का पलटवार

दूसरी तरफ महागठबंधन ने एग्जिट पोल को “भ्रामक और मनगढ़ंत” बताते हुए खारिज किया। राजद सांसद सुधाकर सिंह ने कहा कि इस बार उच्च मतदान प्रतिशत स्पष्ट संकेत है कि जनता बदलाव चाहती है। एग्जिट पोल हकीकत से कोसों दूर हैं। हमें विश्वास है कि महागठबंधन आराम से सरकार बनाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, अंतिम चरण में करीब 69 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। जबकि दोनों चरणों का औसत मतदान लगभग 66 प्रतिशत रहा, जो पिछली बार से करीब 9.6 प्रतिशत अधिक है।

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एग्जिट पोल को “पहले से तय और फर्जी” बताते हुए कहा कि जिसका दाना, उसका गाना। मीडिया उन्हीं का गुणगान कर रही है। 2024 लोकसभा चुनाव में भी ऐसे फर्जी एग्जिट पोल सामने आए थे। लेकिन तब कई बड़े भाजपा नेता हार गए थे।

14 नवंबर को परिणाम

बिहार में मतदान दो चरणों 6 और 11 नवंबर को संपन्न हुआ। अब सभी की नजरें 14 नवंबर, शुक्रवार पर टिकी हैं, जब मतगणना के नतीजे तय करेंगे कि क्या एनडीए फिर से सत्ता में लौटेगी या बिहार में महागठबंधन की वापसी होगी।

Read More
Next Story