बिहार उपमुख्यमंत्री के काफिले पर हमला, विजय सिन्हा बोले- ‘RJD के गुंडों ने किया पथराव’
x

बिहार उपमुख्यमंत्री के काफिले पर हमला, विजय सिन्हा बोले- ‘RJD के गुंडों ने किया पथराव’

Bihar Assembly elections: सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में लोग “मुर्दाबाद” के नारे लगाते दिखे और सड़क की बदहाली को लेकर विरोध जताते हुए नजर आए।


Click the Play button to hear this message in audio format

Bihar Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के मतदान के दिन उपमुख्यमंत्री और बीजेपी प्रत्याशी विजय कुमार सिन्हा के काफिले पर हमला हुआ। यह घटना उस समय हुई, जब वे अपने काफिले के साथ लखीसराय के खोरियारी गांव में प्रवेश कर रहे थे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भीड़ ने उनके काफिले पर चप्पलें और पत्थर फेंके और मुर्दाबाद के नारे लगाए। बताया जा रहा है कि उपमुख्यमंत्री के काफिले को गांव में प्रवेश करने से रोकने की कोशिश की गई।

घटना के बाद विजय सिन्हा ने मौके पर ही बयान देते हुए कहा कि ये आरजेडी के गुंडे हैं। एनडीए सत्ता में आने वाली है। इसलिए इनकी छाती पर बुलडोज़र चलेगा। गुंडे मुझे गांव में जाने नहीं दे रहे हैं। मेरे पोलिंग एजेंट को भी मतदान नहीं करने दिया गया। देखिए इनकी गुंडागर्दी — ये खोरियारी गांव के 404 और 405 नंबर बूथ हैं।

सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में लोग “मुर्दाबाद” के नारे लगाते दिखे और सड़क की बदहाली को लेकर विरोध जताते हुए नजर आए। विजय सिन्हा ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी शिकायत के बाद भी स्थानीय प्रशासन निष्क्रिय रहा। उन्होंने कहा कि काफिले पर चप्पलें और गोबर फेंका गया। पत्थरबाजी भी हुई। आरजेडी कार्यकर्ता बूथ कब्जाने की कोशिश कर रहे थे। हम इसकी शिकायत चुनाव आयोग से करेंगे।

चुनाव आयोग की कार्रवाई

रिपोर्ट के अनुसार, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने डीजीपी को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के तहत गुरुवार सुबह कई सीटों पर मतदान शुरू हुआ, जिनमें लखीसराय भी शामिल है। बिहार के बाकी हिस्सों में 11 नवंबर को मतदान होगा, जबकि 14 नवंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे।

कांग्रेस का आरोप

उधर, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने आरोप लगाया कि मतदान के दौरान कई मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से गायब थे, जिसके कारण उन्हें मतदान केंद्र से लौटना पड़ा। मसूद ने कहा कि कई लोग मतदान केंद्र से वापस लौट रहे हैं। क्योंकि मतदाता सूची में भ्रष्टाचार साफ दिख रहा है। राहुल गांधी ने जो कल कहा था, वही बात बिहार में भी दिख रही है। एसआईआर के ज़रिए लोगों के मतदान के अधिकार को छीना जा रहा है। इस तरह बिहार में पहले चरण के मतदान के बीच हिंसा, आरोप-प्रत्यारोप और मतदाता सूची में गड़बड़ी को लेकर चुनावी माहौल गरम हो गया है।

Read More
Next Story