
RJD की 143 सीटों पर बड़ी चाल,तेजस्वी राघोपुर से मैदान में, कांग्रेस से तीन सीटों पर टकराव!
बिहार चुनाव 2025 के लिए आरजेडी ने 143 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की। तेजस्वी राघोपुर से लड़ेंगे, लेकिन तीन सीटों पर कांग्रेस-आरजेडी में सीधा टकराव।
Bihar Assembly Elections 2025: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए अपने 143 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। यह सूची दूसरे चरण के नामांकन के आखिरी दिन आधिकारिक रूप से जारी की गई। महागठबंधन के भीतर चल रहे सीट बंटवारे के विवाद के कारण पार्टी ने अब तक लिस्ट जारी करने में विलंब किया था। लिस्ट जारी करने से पहले ही आरजेडी ने अपने सभी उम्मीदवारों को चुनाव प्रतीक (सिंबल) दे दिया था।
तेजस्वी यादव फिर राघोपुर से मैदान में
आरजेडी ने कई महत्वपूर्ण सीटों पर अपने प्रमुख चेहरों को उतारा है। पार्टी के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव अपनी पारंपरिक सीट राघोपुर से चुनाव लड़ेंगे। वहीं, मधेपुरा से चंद्रशेखर को टिकट मिला है। मोकामा सीट से बाहुबली सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी को उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि वरिष्ठ नेता उदय नारायण चौधरी को झाझा विधानसभा सीट से प्रत्याशी घोषित किया गया है।
महागठबंधन में तीन सीटों पर सीधा टकराव
आरजेडी की लिस्ट जारी होने के साथ ही महागठबंधन के घटक दलों के बीच मतभेद भी खुलकर सामने आ गए हैं। तीन विधानसभा सीटों पर सीधा मुकाबला सहयोगी दलों के बीच ही है।वैशाली में कांग्रेस के अजय कुशवाहा और आरजेडी के संजीव कुमार आमने-सामने हैं। लालगंज में कांग्रेस के आदित्य कुमार और आरजेडी की शिवानी शुक्ला एक-दूसरे के खिलाफ मैदान में हैं।सिकंदरा सीट पर कांग्रेस के विनोद चौधरी का मुकाबला आरजेडी के उदय नारायण चौधरी से होगा।इन तीनों सीटों पर महागठबंधन के भीतर सीट बंटवारे की असहमति ने नए विवाद को जन्म दे दिया है।
कहलगांव सीट पर सस्पेंस बरकरार
कहलगांव सीट पर अभी भी सस्पेंस की स्थिति बनी हुई है। यहां प्रवीण कुशवाहा और आरजेडी प्रत्याशी रजनीश आनंद आमने-सामने हैं। हालांकि प्रवीण कुशवाहा ने अब तक नामांकन दाखिल नहीं किया है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक दोपहर तक उनके नामांकन की संभावना है। गौरतलब है कि आरजेडी की यह सूची 2020 विधानसभा चुनाव की तुलना में एक सीट कम है। वर्ष 2020 में पार्टी ने 144 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जबकि इस बार उसने 143 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं।