शेयर बाजार में अमेरिका से भारत तक हाहाकार, आखिर क्या है वजह?
x

शेयर बाजार में अमेरिका से भारत तक हाहाकार, आखिर क्या है वजह?

AI को लेकर बढ़ती वैश्विक चिंता से अमेरिका से भारत तक शेयर बाजारों में भारी गिरावट आई, खासकर आईटी शेयरों में तेज बिकवाली देखी गई।


Stock Market Crash: हर एक निवेशक का सपना होता है कि उसे निवेश पर बेहतर रिटर्न मिले। निवेश के अलग अलग तरीके हैं जिसमें शेयर बाजार खास है। लेकिन पिछले कुछ दिनों ने अमेरिका से लेकर भारत और दूसरे एशियाई बाजारों में निवेशकों की नींद उड़ी है। शेयर बाजार हरे रंग की जगह लाल रंग में है और निवेशकों में निराशा है। आखिर इसके पीछे की वजह क्या है।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को बदलते युग की हकीकत बताया जा रहा है। इसके जरिए दुनिया भर की सरकारें बेहतर कल का भरोसा दे रही हैं। लेकिन वैश्विक स्तर पर चिंता भी बढ़ गई है। निवेशकों को डर है कि नए AI टूल्स पारंपरिक बिजनेस मॉडल को नुकसान पहुंचा सकते हैं और कंपनियों के मुनाफे पर दबाव डाल सकते हैं। इसका सबसे ज्यादा असर आईटी शेयरों पर दिखाई दे रहा है।

भारतीय शेयर बाजार का हाल

शुक्रवार को बाजार खुलते ही भारी गिरावट दर्ज की गई। BSE Sensex 772.19 अंक (0.92%) गिरकर 82,902.73 पर कारोबार करता दिखा।Nifty 50 200.30 अंक (0.78%) टूटकर 25,606.90 पर पहुंच गया।

आईटी शेयरों में बड़ी गिरावट

आईटी सेक्टर पर सबसे ज्यादा दबाव देखने को मिला। Infosys में करीब 6% की गिरावट, TCS के शेयर 5% से अधिक टूटे, HCL Technologies में 4.14% की गिरावट, Tech Mahindra के शेयर लगभग 3% गिरे

बाजार की व्यापक तस्वीर

बीएसई के टॉप 30 में से 24 शेयर गिरावट में रहे, जबकि 6 में मामूली तेजी दिखी। कुल 3,337 शेयरों में से 847 में बढ़त और 2,327 में गिरावट रही। 163 शेयर अपरिवर्तित रहे। 41 शेयर 52 हफ्ते के उच्चतम स्तर पर और 106 शेयर निचले स्तर पर पहुंचे। 55 शेयरों में लोअर सर्किट और 79 में अपर सर्किट लगा।

अमेरिकी बाजार में भी भारी गिरावट

अमेरिका में भी लगातार तीसरे दिन बाजार दबाव में रहा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वहां करीब 1 ट्रिलियन डॉलर (लगभग 90 लाख करोड़ रुपये) की मार्केट वैल्यू साफ हो गई। Dow Jones Industrial Average 669.42 अंक (1.34%) गिरकर 49,451.98 पर बंद हुआ। Nasdaq Composite 469.32 अंक (2.03%) टूटकर 22,597.15 पर बंद हुआ। S&P 500 108.71 अंक (1.57%) गिरकर 6,832.76 पर क्लोज हुआ।

गिरावट की मुख्य वजह

AI के बढ़ते प्रभाव को लेकर वैश्विक स्तर पर चिंता बढ़ी है। माना जा रहा है कि AI का असर खासकर इन सेक्टर्स पर ज्यादा पड़ सकता है। ट्रकिंग, लॉजिस्टिक्स, रियल एस्टेट, सॉफ्टवेयर पर इसका सीधा असर है। निवेशकों को डर है कि ऑटोमेशन और नए AI मॉडल पारंपरिक नौकरियों और बिजनेस स्ट्रक्चर को प्रभावित कर सकते हैं, जिससे कंपनियों की आय पर दबाव आ सकता है।

Read More
Next Story