चीन के आसमान से क्यों लौटा एयर इंडिया का विमान, दिल्ली में हुई इमरजेंसी लैंडिंग
x

चीन के आसमान से क्यों लौटा एयर इंडिया का विमान, दिल्ली में हुई इमरजेंसी लैंडिंग

दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जा रहे विमान में तकनीकी खराबी, चीनी एयरस्पेस से यू-टर्न लेकर वापस दिल्ली लौटा एयरक्राफ्ट, सभी यात्री सुरक्षित।


Click the Play button to hear this message in audio format

Air India AI173 San Francisco Flight: एयर इंडिया के एक विमान को लेकर दिल्ली एयरपोर्ट पर बुधवार को भारी हड़कंप मच गया है। दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जा रहे एयर इंडिया के एक विमान को तकनीकी खराबी के कारण अचानक वापस दिल्ली बुलाना पड़ा है। यह विमान करीब 230 यात्रियों को लेकर रवाना हुआ था। विमान हवा में करीब आठ घंटे से ज्यादा समय तक रहने के बाद सुरक्षित वापस दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड हुआ है। एयर इंडिया ने इस बड़े घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि करते हुए एक बयान जारी किया है। एयर इंडिया ने बताया कि 27 मई को दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जाने वाली उड़ान संख्या एआई173 तकनीकी खराबी के कारण तय प्रक्रियाओं के तहत वापस दिल्ली लौट आई है।



चीनी एयरस्पेस से लिया यू-टर्न

विमान की दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग कराई गई है। अब एयर इंडिया के सुरक्षा मानकों के अनुसार विमान का गहन तकनीकी निरीक्षण किया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक विमान ने करीब तीन घंटे से अधिक की उड़ान भर ली थी। इसके बाद जब यह चीनी हवाई क्षेत्र में था, तब इसमें तकनीकी खराबी का पता चला। इसके तुरंत बाद पायलटों ने विमान को वापस दिल्ली की तरफ मोड़ दिया था। एयर लाइन ने कहा कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। यात्रियों को हुई असुविधा के लिए हमें गहरा खेद है। उन्हें जल्द गंतव्य तक भेजने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। हमारी ग्राउंड टीमें यात्रियों को जलपान, होटल और रीशेड्यूलिंग जैसी हर जरूरी सहायता प्रदान कर रही हैं।

21 मई को भी हुआ था बड़ा हादसा

इससे पहले 21 मई को बेंगलुरु से दिल्ली आई एयर इंडिया की उड़ान एआई2802 के इंजन में अचानक आग लग गई थी। दिल्ली में लैंडिंग के वक्त कॉकपिट क्रू को इंजन में आग का संकेत मिला था। यह संकेत बाद में पूरी तरह सही साबित हुआ था। तब चालक दल ने सभी मानक संचालन प्रक्रियाओं का पालन किया और विमान को सुरक्षित उतारा था। उस हादसे में भी सभी यात्री और चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित बच गए थे। एयर इंडिया ने इस घटना की जानकारी खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके साझा की थी। उड्डयन महानिदेशालय इन दोनों तकनीकी खराबियों के मामलों की गहन जांच कर रहा है।

Read More
Next Story