
भारतीय मूल के सीईओ सुंदर पिचाई की सैलरी में बढ़ोतरी: गूगल ने दिया नया ₹6,361 करोड़ का पैकेज
सुंदर पिचाई को मिलने वाले पैकेज का बड़ा हिस्सा नकद नहीं बल्कि कंपनी के शेयर (स्टॉक) के रूप में होगा। इन शेयरों की तय की गई शुरुआती कीमत लगभग 126 मिलियन डॉलर है और इसे दो बराबर हिस्सों में दिया जाएगा।
रुपये 63,61,79,82,000। यह किसी राज्य का बजट नहीं, बल्कि टेक्नोलॉजी दिग्गज Google ने अपने सीईओ भारतीय मूल के सुंदर पिचाई की सैलरी बढ़ाकर इतनी कर दी है। उन्हें अगले तीन वर्षों के लिए 692 मिलियन डॉलर यानी लगभग ₹6,361 करोड़ रुपये मिलेंगे। इसके साथ ही पिचाई दुनिया के सबसे अधिक वेतन पाने वाले सीईओ में शामिल हो गए हैं।
सुंदर पिचाई को मिलने वाले पैकेज का बड़ा हिस्सा नकद नहीं बल्कि कंपनी के शेयर (स्टॉक) के रूप में होगा। इन शेयरों की तय की गई शुरुआती कीमत लगभग 126 मिलियन डॉलर है और इसे दो बराबर हिस्सों में दिया जाएगा।
लेकिन इन शेयरों की असली कीमत अभी तय नहीं है। यह इस बात पर निर्भर करेगी कि आने वाले समय में कंपनी का प्रदर्शन कैसा रहता है। अगर कंपनी बहुत अच्छा प्रदर्शन करती है और शेयर की कीमत बढ़ती है, तो पिचाई को मिलने वाले इन शेयरों की कीमत भी ज्यादा हो जाएगी। अगर कंपनी का प्रदर्शन कमजोर रहा, तो इनकी कीमत कम भी हो सकती है। यानी उनका बड़ा वेतन कंपनी की सफलता से जुड़ा हुआ है।
कुछ समय पहले Elon Musk के वेतन पैकेज ने भी वैश्विक स्तर पर काफी चर्चा बटोरी थी। नवंबर 2025 में Tesla के शेयरधारकों ने कंपनी के सीईओ के लिए एक नया प्रदर्शन-आधारित वेतन पैकेज मंजूर किया था, जिसकी कीमत अगले 10 वर्षों में 1 ट्रिलियन डॉलर तक हो सकती है।
PSU का मूल्यांकन कैसे होगा?
इन PSUs का आकलन गूगल की पैरेंट कंपनी Alphabet Inc. के कुल शेयरधारक रिटर्न की तुलना S&P 100 की अन्य कंपनियों से करके किया जाएगा।
अगर अल्फाबेट अपने प्रतिस्पर्धियों से काफी बेहतर प्रदर्शन करती है तो PSUs की राशि लक्षित रकम से दोगुनी यानी 252 मिलियन डॉलर तक पहुंच सकती है। वहीं अगर कंपनी का प्रदर्शन कमजोर रहता है तो यह भुगतान शून्य तक भी गिर सकता है।
भारतीय मूल के इस सीईओ को अगले तीन वर्षों में 84 मिलियन डॉलर के प्रतिबंधित स्टॉक भी मिलेंगे, जो कंपनी में बने रहने की स्थिति में लगभग हर महीने जारी होंगे। इसके अलावा उन्हें सालाना 2 मिलियन डॉलर का वेतन भी मिलता रहेगा।
Waymo और Wing की ग्रोथ से जुड़े स्टॉक प्रोत्साहन
इस वेतन पैकेज के तहत गूगल ने दो नए स्टॉक इंसेंटिव भी जोड़े हैं, जिनकी कुल संभावित कीमत 350 मिलियन डॉलर तक हो सकती है। ये इंसेंटिव कंपनी की सेल्फ-ड्राइविंग टैक्सी इकाई Waymo और ड्रोन डिलीवरी स्टार्टअप Wing Aviation की ग्रोथ से जुड़े हुए हैं।
पिचाई को Waymo के शेयर मिलेंगे जिनकी लक्षित कीमत 130 मिलियन डॉलर है, जबकि Wing Aviation के 45 मिलियन डॉलर के शेयर अगले तीन वर्षों में उनकी “फेयर वैल्यू” के आधार पर दिए जाएंगे। अगर इन व्यवसायों से जुड़े प्रदर्शन लक्ष्य पूरे या उससे अधिक हो जाते हैं तो इनका भुगतान भी लक्षित रकम का 200 प्रतिशत तक हो सकता है।
इस स्थिति में पिचाई को कुल मिलाकर 692 मिलियन डॉलर तक मिल सकते हैं, जबकि स्टॉक और वेतन मिलाकर आधारभूत रकम 391 मिलियन डॉलर रहेगी।
पिचाई ने अगस्त 2015 में गूगल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी का पद संभाला था। तब से कंपनी का बाजार पूंजीकरण करीब सात गुना बढ़कर 535 अरब डॉलर से 3.6 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गया है। जनवरी में यह कुछ समय के लिए 4 ट्रिलियन डॉलर के आंकड़े को भी पार कर गया था।
कंपनी के मूल्य में इस तेज बढ़ोतरी ने पिचाई की व्यक्तिगत संपत्ति को भी काफी बढ़ाया है और 53 वर्षीय पूर्व मैकिंजी कंसल्टेंट अब अरबपति बन चुके हैं। Forbes के आंकड़ों के अनुसार उनकी वर्तमान कुल संपत्ति लगभग 1.5 अरब डॉलर है।
नियामकीय दस्तावेजों के अनुसार पिचाई और उनकी पत्नी अंजलि पिचाई के पास मिलकर गूगल के 16.7 लाख शेयर हैं, जिनकी कीमत शुक्रवार को कंपनी के 298 डॉलर के क्लोजिंग स्टॉक प्राइस के आधार पर करीब 498 मिलियन डॉलर है।

