
अमिताभ बच्चन ने अयोध्या में खरीदा 2.67 एकड़ का प्लॉट, 35 करोड़ रुपये में हुई जमीन की डील
यह जमीन रियल एस्टेट कंपनी 'हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा' के 75 एकड़ के लक्जरी लैंड डेवलपमेंट प्रोजेक्ट ‘द सरयू’ के पास स्थित है।
बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन ने अयोध्या में 2.67 एकड़ जमीन का एक और बड़ा निवेश किया है। रियल एस्टेट कंपनी हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा (HoABL) ने यह जमीन 35 करोड़ रुपये में अमिताभ बच्चन को बेची है।
कंपनी के अनुसार यह सौदा शुक्रवार को एबी कॉर्प लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर राजेश यादव के जरिए पूरा किया गया। यह जमीन HoABL के 75 एकड़ के लक्जरी लैंड डेवलपमेंट प्रोजेक्ट ‘द सरयू’ के पास स्थित है।
जनवरी 2024 में भी अमिताभ बच्चन ने HoABL के इसी प्रोजेक्ट ‘द सरयू’ में जमीन के कुछ प्लॉट खरीदे थे। HoABL के जरिए अयोध्या में बच्चन का यह तीसरा निवेश है, जबकि कुल मिलाकर यह उनका चौथा निवेश है।
इससे पहले अमिताभ बच्चन ने HoABL के ‘सोल डे अलीबाग’ प्रोजेक्ट में भी 10,000 वर्गफुट का प्लॉट खरीदकर निवेश किया था।
HoABL के चेयरमैन अभिनंदन लोढ़ा ने कहा कि अमिताभ बच्चन का यह निवेश जमीन को एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक मूल्य सुरक्षित रखने वाली संपत्ति के रूप में देखने की साझा सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि अयोध्या के प्रति आस्था कई पीढ़ियों से चली आ रही विरासत है।
उन्होंने बताया कि लगातार हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर विकास और सार्वजनिक निवेश के कारण अयोध्या लंबी अवधि के भूमि निवेश और मूल्य सृजन के लिए एक आकर्षक गंतव्य बनकर उभर रही है।
साल 2020 में स्थापित HoABL भारत की प्रमुख ब्रांडेड लैंड डेवलपमेंट कंपनियों में से एक है, जो पारदर्शिता, तकनीक और भरोसे के जरिए भूमि स्वामित्व को नया रूप देने पर ध्यान देती है।
कंपनी ने पिछले पांच वर्षों में 1.3 करोड़ वर्गफुट से अधिक विकसित जमीन की बिक्री की है और फिलहाल लगभग 3.4 करोड़ वर्गफुट जमीन पर सक्रिय विकास कार्य चल रहा है।
HoABL की मौजूदगी अलीबाग, अंजारले, अयोध्या, वृंदावन, दापोली, गोवा, खोपोली, नागपुर और नेरल जैसे शहरों में है। कंपनी अमृतसर, शिमला और वाराणसी में भी नए प्रोजेक्ट शुरू करने की योजना बना रही है।
कंपनी का लक्ष्य देश के 48 शहरों तक विस्तार करना है, जहां इंफ्रास्ट्रक्चर आधारित गंतव्यों और पर्यटन बाजारों में प्लॉटेड डेवलपमेंट की बढ़ती मांग को ध्यान में रखा जा रहा है।
हाल ही में कंपनी ने वर्टिकल रियल एस्टेट डेवलपमेंट में भी कदम रखा है और मुंबई में कुल 31 लाख वर्गफुट क्षेत्र में तीन परियोजनाओं पर काम शुरू किया है।

