
सर्राफा बाजार में आग: सोना ₹3 हजार और चांदी ₹14 हजार महंगी हुई
सोना अब तक करीब ₹24,000 महंगा हो चुका है। चांदी में ₹33,000 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
घरेलू सर्राफा बाजार में सोमवार को सोना और चांदी की कीमतों में तेज उछाल दर्ज किया गया। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 3,154 रुपए बढ़कर ₹1,58,220 हो गया। इससे पहले सोना ₹1,55,066 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
वहीं, चांदी की कीमत में भी जोरदार तेजी आई है। एक किलो चांदी 13,761 रुपए महंगी होकर ₹2,64,075 प्रति किलो पर पहुंच गई, जो पिछले कारोबारी दिन ₹2,50,314 थी।
साल 2026 में अब तक सोने-चांदी के दामों में लगातार उतार-चढ़ाव देखा गया है। सोना अब तक करीब ₹24,000 महंगा हो चुका है। चांदी में ₹33,000 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
29 जनवरी को दोनों धातुओं ने रिकॉर्ड स्तर छुआ था। उस दिन सोना ₹1.76 लाख और चांदी ₹3.86 लाख प्रति किलो के ऑल टाइम हाई पर पहुंची थी।
2025 में भी रही रिकॉर्ड तेजी
साल 2025 में सोने ने 75 प्रतिशत की छलांग लगाई। 31 दिसंबर 2024 को सोना ₹76,000 प्रति 10 ग्राम था, जो 31 दिसंबर 2025 तक बढ़कर ₹1.33 लाख हो गया। इसी तरह चांदी 167 प्रतिशत उछली।
31 दिसंबर 2024 को चांदी ₹86,000 प्रति किलो थी, जो 2025 के अंत तक ₹2.30 लाख प्रति किलो पहुंच गई।
1.80 लाख तक जा सकता है सोना: UBS
इन्वेस्टमेंट बैंकिंग कंपनी UBS के अनुसार, वैश्विक स्तर पर सोने की मांग मजबूत बनी हुई है। 2025 में दुनिया भर के केंद्रीय बैंकों ने 863 टन सोना खरीदा। 2026 में यह खरीदारी बढ़कर 950 टन तक पहुंचने का अनुमान है। गोल्ड ETF में निवेश 825 टन तक पहुंच सकता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 6,200 डॉलर प्रति औंस तक जा सकता है। भारतीय बाजार में इसकी कीमत ₹1.80 लाख प्रति 10 ग्राम तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।

