
रिकॉर्ड हाई से फिसली सोना-चांदी, चांदी 10,000 और सोना 4,000 रुपए टूटा
बजट 2026 के बाद सोना-चांदी की कीमतों में तेज गिरावट, MCX पर चांदी 10000 रुपए प्रति किलो और सोना 4000 रुपए प्रति 10 ग्राम सस्ता हो गया है।
सोना और चांदी की कीमतों में तेज गिरावट का सिलसिला जारी है। बजट 2026 के दिन भारी टूट के बाद सोमवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर वायदा कारोबार की शुरुआत के साथ ही दोनों कीमती धातुएं और सस्ती हो गईं। चांदी की कीमत में एक झटके में 10,000 रुपये प्रति किलो की गिरावट दर्ज की गई, जबकि 24 कैरेट सोने का भाव 10 ग्राम पर 4,000 रुपये से ज्यादा टूट गया।
1 किलो चांदी 10,000 रुपये और सस्ती
बीते सप्ताह गुरुवार को चांदी की कीमत इतिहास में पहली बार 4 लाख रुपये प्रति किलो के पार पहुंची थी। हालांकि, इसके बाद से इसमें लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। बजट 2026 वाले दिन रविवार को चांदी करीब 9 फीसदी से ज्यादा टूट गई थी।
सोमवार को जब MCX पर कारोबार शुरू हुआ, तो चांदी और फिसल गई। पिछले कारोबारी सत्र में भारी उतार-चढ़ाव के बाद चांदी 2,65,652 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी, लेकिन सोमवार को ओपनिंग के साथ ही यह गिरकर 2,55,652 रुपये प्रति किलो पर आ गई। यानी एक ही दिन में चांदी वायदा 10,000 रुपये और सस्ती हो गई।
रिकॉर्ड हाई से अब 1.64 लाख रुपये नीचे चांदी
पिछले गुरुवार को 5 मार्च एक्सपायरी वाली चांदी के वायदा भाव ने 4,20,048 रुपये प्रति किलो का लाइफटाइम हाई बनाया था। लेकिन इसके बाद तेजी से गिरावट आई और अब तक चांदी अपने उच्चतम स्तर से 1,64,396 रुपये टूट चुकी है। जिस रफ्तार से हाल के दिनों में इसमें तेजी आई थी, उससे भी ज्यादा तेज रफ्तार से अब कीमतें नीचे आई हैं।
सोने में भी भारी गिरावट
चांदी के साथ-साथ सोने की कीमतों में भी जोरदार गिरावट देखने को मिल रही है। बजट के दिन सोना करीब 13,000 रुपये तक टूट गया था, हालांकि बाद में इसमें थोड़ी रिकवरी देखी गई। रविवार को सोना 1,47,753 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
सोमवार को MCX पर कारोबार शुरू होते ही सोने की कीमत गिरकर 1,43,501 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई। यानी 24 कैरेट सोना 10 ग्राम पर करीब 4,001 रुपये सस्ता हो गया।
सोना भी अपने हाई से काफी नीचे
बीते गुरुवार को सोने ने भी नया रिकॉर्ड बनाया था और 1,93,096 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर तक पहुंच गया था। इसके बाद इसमें लगातार कमजोरी आई और अब तक सोना अपने रिकॉर्ड हाई से करीब 49,595 रुपये सस्ता हो चुका है।
निवेशकों के लिए सलाह
सोना-चांदी की कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव के बीच निवेशकों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि गोल्ड, सिल्वर या गोल्ड-सिल्वर ETF में निवेश करने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर लें, क्योंकि मौजूदा बाजार में अस्थिरता बनी हुई है।

