
Gold Silver Price Rates Today: सोना-चांदी में फिर लौटी तेजी, जानिए आज का भाव
सोने और चांदी की कीमतों में एक बार फिर तेजी देखने को मिली है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्थिरता और डॉलर में कमजोरी के चलते कीमती धातुओं को समर्थन मिला है।
Gold Silver Price Rates Today: सोने और चांदी की कीमतों में हल्की बढ़त देखने को मिली। पिछले हफ्ते जबरदस्त उतार-चढ़ाव के बाद अब वैश्विक बाजारों में कुछ स्थिरता नजर आ रही है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना करीब 5,000 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार करता दिखा, जबकि चांदी लगभग 80 डॉलर के स्तर पर बनी रही। पिछले सप्ताह की बात करें तो सोने और चांदी दोनों में भारी अस्थिरता देखने को मिली थी। सोना एक समय रिकॉर्ड ऊंचाई 5,595 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया था, लेकिन इसके बाद जोरदार बिकवाली के चलते यह 4,402 डॉलर तक फिसल गया। इसी तरह चांदी भी 121 डॉलर के उच्च स्तर से गिरकर 64 डॉलर तक आ गई थी।
सोना और चांदी में मजबूत तेजी
सोमवार को स्पॉट गोल्ड की कीमत 1.4 फीसदी बढ़कर 5,029.09 डॉलर प्रति औंस पहुंच गई। इससे पहले शुक्रवार को सोने में करीब 4 फीसदी की तेजी दर्ज की गई थी। अप्रैल डिलीवरी वाले अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स भी 1.4 फीसदी चढ़कर 5,051 डॉलर पर पहुंच गए। भारत में सोमवार को सोने की कीमत की बात करें तो सोना 1.09 फीसदी चढ़कर 1,57, 150 रुपये पर बिकता हुआ दिखाई दिया।
वहीं चांदी की बात करें तो स्पॉट सिल्वर में 2.5 फीसदी की तेजी देखी गई। यह बढ़त पिछले सत्र में आई 10 फीसदी की जोरदार उछाल के बाद आई है, जिससे निवेशकों में दोबारा भरोसा लौटता नजर आ रहा है। भारत में सोमवार को चांजी की कीमत की बात करें तो चांदी 2.66 फीसदी बढ़कर 2,56, 544 रुपये पर बिकती हुई नज़र आई।
डॉलर में कमजोरी से मिला सहारा
सोना और चांदी की कीमतों को डॉलर में कमजोरी का भी सहारा मिला। अमेरिकी डॉलर के कमजोर होने से कीमती धातुओं की मांग बढ़ी है। इसके अलावा निवेशक इस सप्ताह आने वाली अमेरिकी रोजगार रिपोर्ट पर भी नजर बनाए हुए हैं, जिससे ब्याज दरों की दिशा को लेकर संकेत मिल सकते हैं।विशेषज्ञों का मानना है कि अगर अमेरिकी श्रम बाजार से जुड़े आंकड़े कमजोर आते हैं तो ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद बढ़ सकती है, जिससे सोने और चांदी को और मजबूती मिल सकती है।
हाल के दिनों में कैसा रहा प्रदर्शन?
जनवरी के अंत में रिकॉर्ड स्तर छूने के बाद सोना और चांदी दोनों में तेज गिरावट देखी गई थी। माना जा रहा है कि तेजी बहुत तेज थी, जिसके बाद मुनाफावसूली हुई। शुक्रवार तक सोना अपने 29 जनवरी के उच्च स्तर से करीब 11 फीसदी नीचे आ चुका था, हालांकि साल 2026 में अब भी यह लगभग 15 फीसदी की बढ़त में बना हुआ है।

