
बजट से पहले सर्राफा बाजार में बड़ी हलचल, सोना-चांदी में गिरावट
बजट 2026 से पहले सोना-चांदी में भारी गिरावट आई है। रविवार को बाजार खुलने से बिकवाली का दबाव बढ़ सकता है और कीमतें और टूट सकती हैं।
Gold Silver Price News: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज वित्त वर्ष 2026–27 का केंद्रीय बजट पेश करने जा रही हैं। बजट से पहले सर्राफा बाजार में बड़ी हलचल देखने को मिल रही है।आज सोने और चांदी की कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई है। एमसीएक्स पर बाजार खुलते ही सोने के दाम में 13,000 रुपये से ज्यादा की गिरावट आई, जबकि चांदी की कीमत 26,000 रुपये से अधिक टूट गई।
हालांकि आज रविवार है, इसके बावजूद बजट को देखते हुए एमसीएक्स पर ट्रेडिंग जारी है। शुरुआती कारोबार में दो अप्रैल डिलीवरी वाला सोना करीब 13,000 रुपये की गिरावट के साथ ट्रेड करता देखा गया।
इसका सीधा असर यह होगा कि रविवार को शेयर ट्रेडिंग के साथ-साथ Gold और Silver में भी कारोबार होगा। ऐसे में निवेशकों की नजर सिर्फ सेंसेक्स-निफ्टी पर नहीं, बल्कि सोना-चांदी की कीमतों पर भी रहेगी। पहले से ही कमजोर सेंटिमेंट और भारी गिरावट के कारण फिर से तेज बिकवाली का दबाव बन सकता है, जिससे कीमतें और नीचे फिसलने का खतरा है।
चांदी में ऐतिहासिक गिरावट से निवेशक सकते में
बीते सप्ताह गुरुवार की जबरदस्त तेजी के बाद शुक्रवार को अचानक बाजार का मिजाज बदला और सोना-चांदी दोनों में तेज गिरावट दर्ज की गई।
चांदी ने सबसे ज्यादा झटका दिया, क्योंकि एमसीएक्स पर इसका वायदा भाव अपने उच्च स्तर से 30 फीसदी से ज्यादा टूट गया।
5 मार्च एक्सपायरी वाली एक किलो चांदी का वायदा भाव अपने लाइफ-टाइम हाई 4,20,048 रुपये प्रति किलो से गिरकर 2,91,922 रुपये पर आ गया। यानी एक ही झटके में चांदी 1,28,126 रुपये सस्ती हो गई। इस गिरावट की तुलना 1980 के ऐतिहासिक सिल्वर क्रैश से की जा रही है, जब हंट ब्रदर्स की वजह से चांदी की कीमतों में भारी गिरावट आई थी।
सोना भी दबाव में, हजारों रुपये की टूट
चांदी के साथ-साथ सोने की कीमतें भी गिरावट से नहीं बच पाईं। 2 अप्रैल एक्सपायरी वाला 10 ग्राम 24 कैरेट सोना, गुरुवार के मुकाबले शुक्रवार को 33,113 रुपये टूट गया।
सोने का भाव 1,83,962 रुपये से गिरकर 1,50,849 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। वहीं अपने उच्चतम स्तर 1,93,096 रुपये से सोना कुल मिलाकर 42,247 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हो चुका है।
ग्लोबल मार्केट बंद, भारत में खुलेगा ट्रेड
आम बजट 2026 रविवार को पेश होने के कारण भारत में शेयर बाजार और कमोडिटी मार्केट खुले रहेंगे, जबकि ग्लोबल मार्केट बंद रहेगा।
ऐसे में सीमित वैश्विक संकेतों और अनिश्चित माहौल के बीच निवेशक डर के चलते प्रॉफिट बुकिंग कर सकते हैं। यदि बिकवाली तेज हुई तो Gold-Silver Crash और गहराने की आशंका बनी रहेगी।
इन शेयरों पर भी बनेगा दबाव
सोना-चांदी की कीमतों में गिरावट का असर सिर्फ एमसीएक्स ट्रेड तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे जुड़े सेक्टर के शेयरों पर भी दबाव देखने को मिल सकता है। बाजार में जिन शेयरों पर खास नजर रहेगी, उनमें शामिल हैं—
Muthoot Finance
Manappuram Finance
IIFL Finance
MCX
Hindustan Zinc
Vedanta
PC Jeweller
Titan
इन शेयरों में शुक्रवार को भी भारी गिरावट देखने को मिली थी। एक्सपर्ट्स का मानना है कि कमजोरी बनी रहने पर इनमें लोअर सर्किट तक लग सकता है।

