एक दिन की रैली के बाद बाजार धड़ाम, सेंसेक्स-निफ्टी लुढ़के
x

एक दिन की रैली के बाद बाजार धड़ाम, सेंसेक्स-निफ्टी लुढ़के

वैश्विक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों के दबाव से भारतीय शेयर बाजार में तेजी के बाद गिरावट आई, जिससे निवेशकों का भरोसा कमजोर पड़ा।


काफी समय बाद शेयर बाजार में बीते कारोबारी दिन जोरदार रैली देखने को मिली थी। सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि वैश्विक बाजारों में भी जबरदस्त तेजी रही। सेंसेक्स और निफ्टी ने ऊंची उड़ान भरते हुए बड़ी बढ़त के साथ कारोबार बंद किया। हालांकि, यह उत्साह ज्यादा देर टिक नहीं पाया और गुरुवार को बाजार खुलते ही दोनों प्रमुख सूचकांक गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आए।

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स ओपनिंग के साथ ही 550 अंकों से ज्यादा टूट गया, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी लाल निशान में खुला। गिरावट के बीच Adani Ports से लेकर Infosys तक कई दिग्गज कंपनियों के शेयर दबाव में रहे।

बुधवार को सेंसेक्स 77,290 पर खुलकर दिनभर तेजी में रहा और 2946.32 अंक (3.95%) की उछाल के साथ 77,562.90 पर बंद हुआ था। वहीं गुरुवार को इसकी शुरुआत सुस्त रही और यह 200 अंकों से ज्यादा की गिरावट के साथ खुलने के बाद एक झटके में 550 अंक से ज्यादा गिरकर 77,000 के नीचे आ गया।

निफ्टी का भी हाल कुछ ऐसा ही रहा। बुधवार को यह 23,855 पर खुलकर 873.70 अंक (3.78%) की तेजी के साथ 23,997.35 पर बंद हुआ था। लेकिन गुरुवार को यह करीब 90 अंक गिरकर 23,909 पर खुला और फिर फिसलकर 23,815 तक पहुंच गया।

शुरुआती कारोबार में बाजार की चौड़ाई भी कमजोर रही। करीब 1215 शेयर हरे निशान में खुले, जबकि 1288 शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार करते दिखे। वहीं 174 शेयरों में कोई खास बदलाव नहीं हुआ।

बड़े शेयरों में Infosys और Adani Ports 2% से ज्यादा टूटे, जबकि IndiGo और HDFC Bank ने भी पिछली बढ़त गंवा दी। मिडकैप में Hindustan Petroleum, Coforge और Bharat Forge के शेयर दबाव में रहे। वहीं स्मॉलकैप में Chola Holding (4%) और PGEL (2.5%) गिरावट के साथ कारोबार करते दिखे।

बाजार में आई इस गिरावट के पीछे वैश्विक कारण प्रमुख रहे। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव, खासकर अमेरिका-ईरान के बीच घोषित सीजफायर के कमजोर पड़ने की खबरों ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी। इसका असर एशियाई बाजारों पर भी पड़ा, जहां अधिकांश इंडेक्स लाल निशान में रहे।

इसके अलावा कच्चे तेल की कीमतों में फिर से हल्की तेजी ने भी बाजार पर दबाव बनाया। इन नकारात्मक वैश्विक संकेतों के चलते भारतीय शेयर बाजार का सेंटीमेंट बिगड़ा और सेंसेक्स-निफ्टी में तेज गिरावट देखने को मिली।

Read More
Next Story