
ट्रंप के नरम रुख से बाजार में तेजी, सेंसेक्स 1000 अंक चढ़ा-निफ्टी 22,800 के पार
पश्चिम एशिया में शांति की उम्मीद और ट्रंप के नरम रुख से शेयर बाजार में जोरदार तेजी आई। सेंसेक्स 1,000 अंक उछला और निफ्टी 22,800 के पार पहुंच गया।
पश्चिम एशिया में शांति बहाली की उम्मीदों ने आज घरेलू शेयर बाजार में जोरदार तेजी ला दी। हफ्ते की शुरुआत जहां गिरावट के साथ हुई थी, वहीं आज बाजार ने मजबूत वापसी के संकेत दिए।मंगलवार को शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स करीब 1,000 अंक उछल गया, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 22,800 के स्तर के पार पहुंच गया। सुबह करीब 9:17 बजे सेंसेक्स 963.36 अंक यानी 1.33% की बढ़त के साथ 73,659.75 पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 287.20 अंक यानी 1.28% चढ़कर 22,799.85 के स्तर पर पहुंच गया।
इससे पहले सोमवार को बाजार में भारी गिरावट देखी गई थी। सेंसेक्स 1,836.57 अंक (2.46%) टूटकर 72,696.39 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 601.85 अंक (2.6%) गिरकर 22,512.65 पर आ गया था।आज की तेजी की खास बात यह रही कि सेंसेक्स के 30 में से 29 शेयर बढ़त के साथ खुले। एशियन पेंट्स में 4% से ज्यादा उछाल दर्ज हुआ। इसके अलावा टाइटन, अल्ट्राटेक सीमेंट, इंडिगो, ट्रेंट, बीईएल, टाटा स्टील, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फिनसर्व, कोटक बैंक और लार्सन एंड टुब्रो जैसे दिग्गज शेयरों में भी मजबूत खरीदारी देखने को मिली। हालांकि पावर ग्रिड के शेयरों में हल्की गिरावट रही।
बाजार में इस तेजी के पीछे सबसे बड़ा कारण अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का ईरान को लेकर नरम रुख माना जा रहा है। ट्रंप ने हाल ही में कहा कि ईरान के साथ उनकी “सकारात्मक और सार्थक बातचीत” हुई है और उन्होंने ईरान के ऊर्जा ढांचे पर हमले पांच दिनों के लिए रोकने का फैसला किया है।
इससे पहले ट्रंप ने कड़ा रुख अपनाते हुए चेतावनी दी थी कि यदि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को नहीं खोला तो उसके पावर प्लांट्स को निशाना बनाया जाएगा। ऐसे में अब बदले रुख से वैश्विक तनाव कम होने की उम्मीद जगी है, जिसका सकारात्मक असर भारतीय शेयर बाजार पर साफ दिख रहा है।

